नहाय-खाय के साथ आज से शुरू होगा डाला छठ महापर्व

0
80
The great festival of Chhath Puja begins today with the 'Nahay-Khay' ritual.
The great festival of Chhath Puja begins today with the 'Nahay-Khay' ritual.

जयपुर। लोकआस्था,सामाजिक समरसता और सूर्योपासना का महापर्व डाला छठ शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। बिहार समाज संगठन की ओर से पर्व की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। व्रतियों के घरों में भक्ति का माहौल है और जगह-जगह छठ गीत गूंजने लगे हैं। श्रद्धालु नहरों और जलाशयों के किनारे छठ घाट तैयार करने के साथ पूजा की व्यवस्थाओं में जुटे हैं।

बिहार समाज संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुरेश पंडित ने बताया कि चार दिन तक चलने वाले इस महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय से होगी। शनिवार को व्रती दिनभर निराहार रहकर शाम को खरना का अनुष्ठान करेंगे। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ महापर्व का समापन होगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि व्रत को देखते हुए घरों और छठ घाटों पर विशेष साफ-सफाई की जा रही है। व्रत वाले घरों में शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। पूजा के लिए सूप, दउरा, मिट्टी के दीपक, हाथीदान और मौसमी फल सहित आवश्यक सामग्री की खरीदारी शुरू हो गई है।

शर्मा ने बताया कि छठ ऐसा लोकपर्व है, जिसके केंद्र में कृषि, मिट्टी और किसान हैं। धरती से उपजी फसलें, फल और सब्जियां ही छठी मैया को प्रसाद के रूप में अर्पित की जाती हैं। नहाय-खाय, खरना और पूजा का प्रसाद मिट्टी के चूल्हे पर मिट्टी के बर्तनों में तैयार किया जाता है। बांस से बने सूप और दउरे में पूजा सामग्री रखकर सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। ईख, केला, संतरा, नींबू, नारियल, अदरक, हल्दी, सिंघाड़ा, चना, चावल और ठेकुआ सहित प्राकृतिक उपज इस पर्व की परंपरा का हिस्सा हैं।

संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री चंदन कुमार मंडल ने बताया कि छठ महापर्व महिलाओं के अस्तित्व और सम्मान को भी प्रतिष्ठित करता है। इस पर्व में विवाहित, विधवा, अविवाहित और गर्भवती महिलाएं समान रूप से व्रत कर सकती हैं। छठी मैया की आराधना में किसी तरह का भेदभाव नहीं है। उन्होंने बताया कि वर्ष में दो बार कार्तिक और चैत्र मास में छठ व्रत किया जाता है। दोनों ही पर्व ऋतु परिवर्तन के समय आते हैं। कार्तिक में शरद ऋतु और चैत्र में वसंत ऋतु का आगमन होता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here