लिफ्ट देने के बहाने राहगीरों की जेब काटने वाले बदमाश गिरफ्तार

0
16

जयपुर। आमेर थाना पुलिस ने राहगीरों को लिफ्ट देने के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठाकर जेब काटने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुड़ी दो वारदातों का खुलासा किया है। आरोपी पशु हटवाड़े से पशु बेचकर लौटने वाले ग्रामीणों को निशाना बनाते थे। वारदात के दौरान उनका ध्यान भटकाकर धारदार ब्लेड से जेब काट लेते और फिर बीच रास्ते में उतारकर फरार हो जाते थे।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि 17 अक्टूबर को हनुमान जाट निवासी अरिणया, चंदवाजी ने आमेर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवादी के अनुसार 26 सितंबर को वह पशु हटवाड़े में भैंस बेचकर मिले 50 हजार रुपए लेकर घर लौट रहा था। सड़वा मोड़ पर ई-रिक्शा से उतरने के बाद दो युवक मोटरसाइकिल पर आए और कोटपूतली जाने का रास्ता पूछने लगे।

बातचीत के दौरान उन्होंने परिवादी को चंदवाजी तक छोड़ने का झांसा देकर मोटरसाइकिल पर बीच में बैठा लिया। कुंडा चेक पोस्ट के पास आरोपियों ने बाइक की रफ्तार तेज कर दी। घबराकर परिवादी ने उतरने को कहा तो आरोपियों ने उसे चलते वाहन से नीचे उतार दिया। बाद में पता चला कि उसकी जेब काटकर 50 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त आमेर प्रतीक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार गोदारा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनके आने-जाने के रास्तों का रूट चार्ट तैयार किया गया। इसके बाद 12 नवंबर को सोनू और गोविन्दा को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने एक नवंबर को अंजाम दी गई एक अन्य वारदात का भी खुलासा किया है। दोनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी नाई की थड़ी स्थित पशु हटवाड़े में पशु बेचकर पैदल लौटने वाले ग्रामीणों पर नजर रखते थे। ग्रामीणों की जेब में नकदी होने का अंदाजा लगाकर उन्हें लिफ्ट देने के बहाने मोटरसाइकिल पर बीच में बैठा लेते थे।

इसके बाद पहले से मौजूद बैग को राहगीर के पैर के पास या साइड में रखकर उसका ध्यान भटकाते और इसी दौरान धारदार ब्लेड से जेब काटकर नकदी निकाल लेते थे। फिर मोटरसाइकिल तेज चलाकर किसी बहाने बीच रास्ते में उतारकर फरार हो जाते थे।

पुलिस ने इस मामले में सोनू (25) पुत्र विरु, निवासी हीदा की मोरी, गांधी सर्किल, हरिजन बस्ती, रामगंज, गोविन्दा (24) पुत्र इन्द्र सिंह, निवासी शिकारियों की मोरी, घोड़ा निकास रोड, रामगंज को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सोनू के खिलाफ पूर्व में चोरी, जेबकतरी, अवैध शराब और आर्म्स एक्ट सहित पांच आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें रामगंज, चंदवाजी, ट्रांसपोर्ट नगर, जयसिंहपुरा खोर और मनोहरपुर थानों के मामले शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here