नहाय-खाय के साथ डाला छठ शुरू: जयपुर में 51 स्थानों पर सजेगा आस्था का दरबार

0
29

जयपुर। सूर्य उपासना और लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ शनिवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। बिहार समाज मैथिली भोजपुरी छठ पूजा सेवा समिति ट्रस्ट भारत के तत्वावधान में आयोजित इस महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। समाज के महामंत्री नोखेलाल महतो ने बताया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर व्रतियों ने सुबह स्नान के बाद कच्चे चावल, चने की दाल और सेंधा नमक से बनी लौकी की सब्जी ग्रहण कर नहाय-खाय की परंपरा निभाई।

रविवार को खरना का व्रत रखा जाएगा। इस दिन व्रती शाम को गुड़ की खीर का प्रसाद तैयार कर भगवान सूर्य को भोग लगाएंगे। केले के पत्ते पर खीर के साथ मौसमी फल और तुलसी अर्पित कर घी का दीपक जलाया जाएगा। इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा।

16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा समापन

महापर्व के तहत 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। एनबीसी छठी मईया पूजा स्थल घाट पर 15 और 16 नवंबर को मुख्य आयोजन होगा। 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

जयपुर में 51 स्थानों पर होंगे आयोजन

इस बार जयपुर में आमेर के मावटा, एनबीसी के पीछे दुर्गा विस्तार कॉलोनी, रॉयल सिटी माचवा और विश्वकर्मा सहित कुल 51 स्थानों पर डाला छठ महोत्सव मनाया जाएगा। मुख्य आयोजन एनबीसी छठी मईया पूजा स्थल घाट पर होगा, जहां 15 नवंबर को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here