महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप मामले में सीबीआई के सात राज्यों के 33 ठिकानों पर छापे

0
31

जयपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात राज्यों के 33 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। सीबीआई की टीमें अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर और दुर्ग सहित कई शहरों में तलाशी अभियान चला रही हैं। इसके अलावा इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर में भी दबिश दी गई है।

जांच एजेंसी की टीमें महादेव एप से जुड़े लोगों, उनके ठिकानों और संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में साक्ष्य जुटा रही हैं। ओमान से प्रत्यर्पित होकर भारत लाए गए मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारियों और सुरागों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। इसे महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप के खिलाफ सीबीआई की अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।

वहीं छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल संचालित मिले। सीबीआई ने इन्हें बंद कराया। मौके से डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में इन दस्तावेजों से म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए पैसों के लेन-देन से जुड़े सुराग मिलने की बात सामने आई है।

गौरतलब है कि सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद सीबीआई ने 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया था। रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था। पूछताछ के दौरान महादेव एप के संचालन और भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां मिलने की बात कही गई है।

फिलहाल सीबीआई की छापेमारी जारी है। कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here