जयपुर। श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर हुए बम विस्फोट के मामले में आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने मामले के दो मुख्य आरोपियों को पंजाब के गुरदासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, 46 जिंदा कारतूस और नकदी बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के तार पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से जुड़े होने की बात सामने आई है।
एडीजीपी एटीएस दिनेश एम.एन के अनुसार 3 नवंबर 2026 को रात रामसिंहपुर थाना क्षेत्र के निकट रेलवे ट्रैक पर शक्तिशाली बम विस्फोट हुआ था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एटीएस और श्रीगंगानगर जिला पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। गठित टीम ने पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस और गुरदासपुर के एसएसपी के साथ समन्वय कर कार्रवाई की।
प्रारंभिक पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि मुख्य आरोपी महिला महकदीप कौर का पति करणवीर सिंह पंजाब में मादक पदार्थ तस्करी के मामले में गिरफ्तार है। इसके बाद महकदीप कौर ने कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से संपर्क किया। जांच के अनुसार पाकिस्तानी हैंडलर ‘शाह’ के निर्देश पर रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने की योजना बनाई गई थी।
आरोपियों ने पहली बार 6 अक्टूबर 2026 को रामसिंहपुर में रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाने की योजना बनाई थी, लेकिन हैंडलर की ओर से समय पर बम उपलब्ध नहीं कराने के कारण योजना सफल नहीं हो सकी। इसके बाद 12 और 13 अक्टूबर को पाकिस्तानी हैंडलर की ओर से उपलब्ध कराया गया टाइमर बम रेलवे ट्रैक पर लगाया गया। लेकिन तकनीकी खामियों के कारण उसमें विस्फोट नहीं हुआ। अंततः 3 नवंबर को रात उसी टाइमर बम के जरिए विस्फोट किया गया।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि जांच एजेंसियों और आमजन के संदेह से बचने के लिए आरोपियों ने रामसिंहपुर-विजयनगर क्षेत्र को चुना था। आरोपियों को उम्मीद थी कि महिला की मौजूदगी के कारण किसी को उन पर शक नहीं होगा। जांच में संदिग्धों को ऑनलाइन भुगतान मिलने और सोशल मीडिया पर सक्रिय गैंगस्टरों की प्रोफाइल फॉलो करने के तथ्य भी सामने आए हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

















