सस्ता आईफोन दिलाने का झांसा देकर 1.45 लाख रुपए ठगने वाला शोएब अहमद गिरफ्तार

0
33
Shoaib Ahmed, who swindled Rs 1.45 lakh, arrested
Shoaib Ahmed, who swindled Rs 1.45 lakh, arrested

जयपुर। सस्ते दाम पर आईफोन दिलाने का झांसा देकर 1 लाख 44 हजार 999 रुपए की ऑनलाइन ठगी करने के आरोपी शोएब अहमद को पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से सस्ते आईफोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने का झांसा देकर लोगों से अग्रिम राशि वसूलता था और बाद में सामान की आपूर्ति नहीं करता था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि ऑनलाइन ठगी की वारदातों पर अंकुश लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश दिए गए थे। जिसके चलते पत्रकार कॉलोनी थानाधिकारी कविता यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी सहायता से आरोपी शोएब अहमद (42) निवासी चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ चित्तौड़गढ़, कोटा, गाजियाबाद और बरेली के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, चिटफंड और आईटी एक्ट के तहत करीब सात मामले पहले से दर्ज हैं।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर सस्ते आईफोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने का विज्ञापन देकर ग्राहकों से अग्रिम राशि मंगवाता था। इसके बाद अलग-अलग स्टोर से सामान की डिलीवरी लेने का झांसा देकर उन्हें गुमराह करता था।

पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। आशंका है कि पूछताछ में अन्य राज्यों में की गई ठगी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। इस कार्रवाई में एएसआई रामधन, कांस्टेबल मुकेश कुमार, श्योपाल, दिनेश कुमार और तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल लोकेश शामिल रहे।

थानाधिकारी कविता यादव के अनुसार 11 अगस्त 2026 को सुनीता बागड़ा ने पत्रकार कॉलोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शोएब नाम के व्यक्ति ने उन्हें सस्ते दाम पर आईफोन उपलब्ध कराने का झांसा दिया और 1,44,999 रुपये लेने के बाद भी मोबाइल नहीं दिया। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज जांच पड़ताल करते हुए आरोपी शोएब अहमद को चिन्हित करते हुए पकड़ा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here