यातायात पुलिस की विशेष मुहिम: नियम तोड़ने वाले 3 हजार 727 वाहन चालकों पर कार्रवाई

0
30

जयपुर। राजधानी में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत रविवार को एक ही दिन में 3 हजार 727 वाहन चालकों के चालान काटे गए। इनमें नो-पार्किंग जोन में खड़े 2 हजार 735 वाहन शामिल हैं।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान पर्यटन सीजन के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक जयपुर पहुंच रहे हैं। इससे शहर में यातायात का दबाव बढ़ गया है। कई चौपहिया वाहन चालक मुख्य मार्गों पर ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि मुख्य मार्गों पर गलत तरीके से पार्क किए जाने वाले वाहनों के कारण होने वाली यातायात बाधा को दूर करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार आमजन की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here