जयपुर। एमपीएस इंटरनेशनल में ‘शब्द सागर’ थीम पर आधारित वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह में राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा मुख्य अतिथि रहे, जबकि भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के सचिव एवं पद्मश्री वैद्य राजेश कोटेचा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में ईसीएमएस अध्यक्ष उमेश सोनी, महासचिव (शिक्षा) कमल सोमानी, कोषाध्यक्ष अरुण मालू सहित समाज के गणमान्य पदाधिकारी और अभिभावक उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और मनमोहक ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुति के साथ हुआ। भारतीय संस्कृति और संस्कारों की परंपरा के अनुरूप आयोजित समारोह में ‘शब्द सागर’ विषय पर भव्य सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक नाट्य प्रस्तुति दी गई। इसमें शब्दों की उत्पत्ति, उनकी शक्ति और जीवन में उनके महत्व को दर्शाया गया। प्रस्तुति की शुरुआत नाद से ध्वनि, ध्वनि से स्वर और स्वर से शब्द की उत्पत्ति की यात्रा के साथ हुई। भगवान शिव के डमरू से निकली ध्वनियों और उनकी दिव्य अनुभूति के माध्यम से सृष्टि में शब्द के प्रथम स्वर को प्रस्तुत किया गया।

समुद्र मंथन, भगीरथ की तपस्या, मां गंगा के अवतरण और रामायण के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से शब्दों की सृजनात्मक और विनाशकारी शक्ति को मंच पर जीवंत किया गया। इस दौरान 900 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के आत्मविश्वास, अभिनय कौशल, रचनात्मकता और मंचीय प्रतिभा ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। वर्षभर आयोजित शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित और पुरस्कृत भी किया गया।
शब्दों का चयन और वाणी का संयम जरूरी : बैरवा
मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और सुव्यवस्थित विद्यार्थी-केंद्रित आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि जीवन में वाणी का संयम, शब्दों की मधुरता और अभिव्यक्ति की शालीनता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
विशिष्ट अतिथि पद्मश्री वैद्य राजेश कोटेचा ने आज की पीढ़ी के लिए शब्दों के विवेकपूर्ण प्रयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। ईसीएमएस अध्यक्ष उमेश सोनी ने कहा कि परिवारजनों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को शब्दों के चयन में संवेदनशीलता, मर्यादा और सकारात्मकता बनाए रखनी चाहिए। महासचिव (शिक्षा) कमल सोमानी ने शिक्षा के क्षेत्र में ईसीएमएस के योगदान की जानकारी दी।
विद्यालय सचिव राधामोहन कचोलिया और भवन मंत्री गोविंद मालपानी ने कहा कि शब्दों में लोगों को जोड़ने, प्रेरित करने और किसी के जीवन की दिशा बदलने की अद्भुत शक्ति होती है। इसलिए सभी को अपने शब्द मधुर, विचार उत्कृष्ट और कर्म श्रेष्ठ रखने चाहिए।
डिजिटल युग में भाषा की समृद्धि बनाए रखने पर जोर
करीब 2 हजार दर्शकों की मौजूदगी में विद्यालय प्राचार्या मंजू शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने वर्षभर की शैक्षणिक उपलब्धियों, प्रगति और विभिन्न गतिविधियों का विवरण दिया। उन्होंने ‘शब्द सागर’ थीम के चयन के पीछे की सोच साझा करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में अनर्गल और कृत्रिम भाषा का बढ़ता प्रयोग विद्यार्थियों की मौलिक शब्दावली, भाषाई समृद्धि और प्रभावशाली संवाद शैली को प्रभावित कर रहा है। इस चुनौती से निपटने के लिए अभिभावकों और शिक्षकों को बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताना चाहिए।
प्राचार्या ने सभागार में उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में मौजूद अभिभावकों और अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों, कार्यक्रम की भव्यता और व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और शिक्षकों के समर्पण को भी सराहा।

















