जयपुर। छोटी काशी न्यू सांगानेर रोड स्थित प्रजापति विहार कॉलोनी चिंता हरण काले हनुमान मंदिर में भव्य अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। महामंडलेश्वर मनोहर दास महाराज के सानिध्य में आयोजित महोत्सव में हनुमान जी महाराज की छप्पन भोग एवं अन्नकूट की मनमोहक झांकी सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर हनुमान जी महाराज को सकरे अनसकरे सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया । झांकी के दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर में हनुमान चालीसा, सुंदरकांड के सामूहिक पाठ और भजन-कीर्तन के माध्यम से हनुमान जी का गुणगान किया गया।
आयोजन में छोटी काशी के अनेक संत-महंतों ने शिरकत कर हनुमान जी महाराज के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की । श्रद्धालुओं ने महाराज जी से आशीर्वाद प्राप्त किया । वहीं, हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर अन्नकूट महाप्रसादी ग्रहण की।

















