गोपाष्टमी पर मंदिरों और गोशालाओं में होगा विशेष गोपूजन

0
23

जयपुर। भगवान श्रीकृष्ण की गोचारण लीला, गोवंश के प्रति सम्मान और भारतीय संस्कृति में गोसेवा की परंपरा से जुड़ा पावन पर्व गोपाष्टमी मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के मंदिरों, गोशालाओं और विभिन्न धार्मिक स्थलों पर गोपूजन एवं गोसेवा के विशेष अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

पंडित बनवारी लाल शर्मा ने पर्व का महत्व बताते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने बाल्यकाल में बछड़ों को चराने से अपनी गोचारण लीला प्रारंभ की थी। इसके बाद कार्तिक शुक्ल अष्टमी के दिन नंद बाबा ने उन्हें गायों को चराने की जिम्मेदारी सौंपी थी, तभी से यह दिन गोपाष्टमी के रूप में मनाया जाता है।

पिंजरापोल गोशाला में मुख्य महोत्सव, राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि

अखिल भारतीय गोशाला सहयोग परिषद के तत्वावधान में मंगलवार सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक श्री पिंजरापोल गोशाला परिसर स्थित सनराइज ऑर्गेनिक पार्क एवं वैदिक औषधीय पादप केन्द्र में गोपाष्टमी महोत्सव, गोपूजन तथा श्री कालभैरव पूजन-अर्चन समारोह आयोजित होगा। समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े मुख्य अतिथि तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी पवन अरोड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन का प्रमुख संदेश ‘घर-घर, हर घर गाय’ है। इसके माध्यम से गोवंश संरक्षण को केवल धार्मिक आस्था तक सीमित न रखते हुए कृषि, पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। डॉ. गुप्ता ने खेती में मशीनों व रासायनिक संसाधनों पर बढ़ती निर्भरता पर चिंता जताते हुए ‘ट्रैक्टर नहीं, गोवत्स से हो खेती’ का संदेश दिया और बैल व गोवंश आधारित कृषि परंपरा को पुनर्जीवित करने का आह्वान किया।

इसके साथ ही गोशालाओं में गोबर से जैविक खाद, वर्मी कम्पोस्ट और अन्य कृषि उपयोगी उत्पाद तैयार कर उन्हें आत्मनिर्भर आर्थिक केंद्र बनाने पर भी जोर रहेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर ग्रामीण रोजगार के अवसर बढ़ सकें। कार्यक्रम में मोनिका गुप्ता ने महिलाओं एवं युवाओं को गो-आधारित स्वरोजगार से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर सचिव एवं कार्यक्रम संयोजक मुकेश भारद्वाज गोभक्तों, किसानों, सामाजिक संगठनों और आमजन को गोसंरक्षण का संकल्प दिलाएंगे। कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गोमाता एवं भगवान श्री कालभैरव का विशेष पूजन-अर्चन भी होगा।

श्री पिंजरापोल गोशाला में गोपाष्टमी महोत्सव का शुभारंभ प्रातःसाढ़े 7 बजे गायों के मध्य सामूहिक हरिनाम संकीर्तन और प्रभात फेरी के साथ होगा। इसके पश्चात प्रातःकाल से रात्रि तक गोपूजन और गोसेवा के कार्यक्रम निरंतर चलते रहेंगे। आयोजन के तहत अपराह्न 4 बजे से मेले का आयोजन होगा, शाम 6 बजे से श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी तथा शाम साढ़े 6 बजे से भक्ति संगीत संध्या के साथ महोत्सव का समापन होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here