जयपुर। झोटवाड़ा स्थित चित्रकूट कॉलोनी के श्री इच्छापूर्ण हनुमानजी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। पं. जयदीप पारीक ने बताया कि गोपाल गर्ग एवं मोना गर्ग के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव की शुरुआत सुबह हनुमानजी महाराज को चोला चढ़ाकर और नवीन पोशाक धारण करवाकर की गई। इस दौरान मनमोहक झांकी सजाई गई और आरती के पश्चात बजरंगबली को अन्नकूट प्रसादी का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें स्थानीय कलाकारों और श्रद्धालुओं ने सुमधुर भजनों से बजरंगबली की आराधना की। इस धार्मिक अनुष्ठान में झोटवाड़ा व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनूप सोनी, सोनी समाज के अध्यक्ष राजा बाबू, कॉलोनी अध्यक्ष गणपत सिंह और बाबू सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शिवपुरी, वासुदेवपुरी और चित्रकूट कॉलोनी के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और अन्नकूट प्रसादी ग्रहण की।

















