जयपुर। कोतवाली थाना पुलिस ने नशा मुक्त भारत अभियान और अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7.34 ग्राम अवैध स्मैक और स्मैक बेचकर अर्जित की गई 8,053 रुपए की नकदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस अभिरक्षा रिमांड प्राप्त किया है। अब उससे मादक पदार्थ के सप्लायरों, खरीददारों और स्मैक की आपूर्ति के स्रोत के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद जाकिर (20) निवासी पुरोहित जी का चौक कोतवाली जयपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्वयं भी नशे का आदी है और कोई काम-धंधा नहीं करता। आर्थिक तंगी और नशे की लत पूरी करने के लिए वह स्मैक खरीदकर लाता था।
इसके बाद उसे कागज की छोटी-छोटी पुड़ियों में भरकर 300 से 350 रुपए प्रति पुड़िया के हिसाब से नशा करने वालों को बेचता था। वह स्वयं भी स्मैक का सेवन करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद जाकिर के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं।
कोतवाली थानाधिकारी भूरी सिंह के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चांदपोल बाजार स्थित भिंडों का रास्ता, पांचों बस्ती मस्जिद के पास एक व्यक्ति स्मैक लेकर मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को पकड़कर तलाशी ली। उसके कब्जे से 7.34 ग्राम अवैध स्मैक और 8,053 रुपए की नकदी बरामद हुई। इस संबंध में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय से पुलिस अभिरक्षा रिमांड प्राप्त किया है। रिमांड के दौरान उससे स्मैक उपलब्ध करवाने वाले सप्लायरों, खरीददारों और मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोतों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी स्मैक कहां से खरीदकर लाता था और उसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

















