फर्जी ताइक्वांडो प्रमाण पत्र का मामला: एक और महिला अभ्यर्थी ने किया आत्मसमर्पण

0
30

जयपुर। तृतीय श्रेणी अध्यापक (लेवल-1) भर्ती-2022 में फर्जी ताइक्वांडो खेल प्रमाण पत्र के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के प्रयास के मामले में एक और महिला अभ्यर्थी ने आत्मसमर्पण कर दिया है। जालौर निवासी सुनीता (34) ने 16 नवंबर को जयपुर महानगर द्वितीय के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। न्यायालय ने उसे अनुसंधान अधिकारी को 19 नवंबर 2026 तक पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया है। राजस्थान पुलिस का स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) मामले की जांच कर रहा है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पुलिस एसओजी विशाल बंसल के अनुसार कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर ने वर्ष 2022 में तृतीय श्रेणी अध्यापक (लेवल-1) भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए थे। भर्ती में खेल कोटे के तहत दो प्रतिशत पदों पर चयन किया जाना था। ताइक्वांडो खेल प्रमाण पत्रों के आधार पर तैयार दो गुना चयन सूची में 38 अभ्यर्थियों ने स्थान प्राप्त किया था। इन अभ्यर्थियों ने शिक्षा विभाग की चयन समिति के समक्ष राष्ट्रीय स्तर के ताइक्वांडो खेल प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए थे।

एसओजी थाने में दर्ज प्रकरणों की जांच में सामने आया कि कुछ अभ्यर्थियों ने दलालों के माध्यम से फर्जी खेल प्रमाण पत्र प्राप्त कर सरकारी नौकरी हासिल करने का प्रयास किया था। इन प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया, धनबाद (झारखंड) के नाम से मिलती-जुलती फर्जी और कूटरचित ईमेल आईडी से सत्यापन रिपोर्ट प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर की नियुक्ति शाखा को भेजी गई थी।

मामले में फर्जी ईमेल के माध्यम से सत्यापन रिपोर्ट भेजने वाले आरोपी बिमलेन्दू कुमार झा और उसके साथी कमल सिंह को एसओजी ने 7 मई 2025 को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा नामजद 38 अभ्यर्थियों में से अब तक 24 अभ्यर्थियों, तीन सहयोगियों और पांच दलालों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।

एसओजी के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाली सुनीता चितलवाना, जिला जालौर की निवासी है। उसने भी ताइक्वांडो के फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर दो गुना चयन सूची में स्थान प्राप्त किया था और दस्तावेज सत्यापन के दौरान चयन समिति के समक्ष ये प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए थे।

पुलिस अभिरक्षा के दौरान एसओजी सुनीता से फर्जी प्रमाण पत्र हासिल करने के तरीके, इसमें शामिल अन्य लोगों और भर्ती प्रक्रिया में कथित फर्जीवाड़े से जुड़े तथ्यों के संबंध में पूछताछ करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here