ऑपरेशन एंटीवेनम: लग्जरी गाड़ी से गांजा तस्करी करने वाले गिरफ्तार

0
26
Operation Antivenom: Cannabis smugglers using a luxury vehicle arrested
Operation Antivenom: Cannabis smugglers using a luxury vehicle arrested

जयपुर। जयपुर रेंज में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन एंटीवेनम के तहत अजीतगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लग्जरी गाड़ियों के जरिए गांजा तस्करी करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस ने तस्करी सिंडिकेट से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30.700 किलो गांजा और 3.35 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा एक लग्जरी कार और एक जीप भी जब्त की गई है। बरामद गांजे की कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई है।

जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झुंझुनूं जिले के पचलंगी निवासी राजेंद्र शर्मा और कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नारायणपुर निवासी प्रदीप सिंह के रूप में हुई है। जयपुर रेंज साइबर टीम, जयपुर ग्रामीण जिला विशेष टीम (डीएसटी) और अजीतगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

आईजी के अनुसार जयपुर रेंज साइबर सेल को गोपनीय सूचना मिली थी कि मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा प्रदीप सिंह, तस्कर कान्हा मीणा और राजेंद्र शर्मा से गांजा लेकर जयपुर ग्रामीण, कोटपूतली-बहरोड़ और अलवर जिलों में सप्लाई करता है।

सूचना के आधार पर टीम को शाहपुरा-अजीतगढ़ मार्ग पर हाथीदेह गांव के पास गांजे की खेप पहुंचाए जाने की जानकारी मिली। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और लग्जरी गाड़ी से 30.700 किलो गांजा बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजा तस्करी के इस सिंडिकेट का कथित मास्टरमाइंड उदयपुरिया मोड़ निवासी कान्हा मीणा है। उसके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामले पहले भी दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, कान्हा मीणा राजेंद्र शर्मा के माध्यम से मादक पदार्थों के ऑर्डर की सप्लाई करवाता था। इस नेटवर्क में नारायणपुर निवासी प्रदीप सिंह राजपूत भी सक्रिय रूप से शामिल था।

जांच में यह भी सामने आया कि प्रदीप सिंह अलग-अलग क्षेत्रों में अपने संपर्कों के माध्यम से गांजे की सप्लाई करता था। जयपुर ग्रामीण जिले में कुशलपुरा निवासी राजू जांगल और मनोहरपुर निवासी कुंदन मीणा के जरिए, कोटपूतली-बहरोड़ जिले में नारायणपुर निवासी अविनाश और मुकेश गर्ग के जरिए तथा अलवर और विराटनगर क्षेत्र में उमरैण निवासी राजेंद्र गुर्जर के माध्यम से गांजा पहुंचाया जाता था।

पुलिस के मुताबिक प्रदीप सिंह गांजे की सप्लाई के लिए अग्रिम रकम लेता था। वह अपनी जीप का इस्तेमाल करता था, ताकि सवारी वाहन की आड़ में पुलिस की निगरानी से बच सके। पुलिस ने इस कार्रवाई में एक लग्जरी कार और एक जीप जब्त की है।

आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि जांच में गिरोह के सदस्यों द्वारा संगठित तरीके से मादक पदार्थों की तस्करी किए जाने की जानकारी सामने आने पर प्रकरण में संगठित अपराध से संबंधित धारा भी जोड़ी गई है। आरोपियों के खिलाफ सीकर जिले के अजीतगढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही सिंडिकेट से जुड़े लोगों की संपत्तियों का भी ब्योरा एकत्र किया जा रहा है, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई की जा सके।

इस कार्रवाई में जयपुर रेंज साइबर सेल के एएसआई रतनदीप, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, रोशनलाल, जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल ताराचंद, रामनिवास और विजय कुमार की भूमिका रही। वहीं जयपुर ग्रामीण डीएसटी के एएसआई सतेंद्र सिंह, कांस्टेबल सुभाषचंद, किशनलाल, मनोज कुमार और चालक राजू ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here