जयपुर। भांकरोटा थाना पुलिस ने वाहन चोरी और धोखाधड़ी करने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गैंग के सदस्य चोरी की कारों के इंजन और चेसिस नंबर बदलकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के वैध दस्तावेजों के आधार पर उन्हें ओएलएक्स और कार बाजार में बेचते थे। पुलिस ने कार्रवाई में चोरी की स्विफ्ट कार का इंजन, तैयार की गई कार तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चेसिस और बॉडी सहित अन्य सामान बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जावेद अहमद कुरैशी (35) निवासी किशनपोल बाजार, कोतवाली जयपुर है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की स्विफ्ट कार का इंजन और अन्य सामान, तैयार की गई कार तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चेसिस और बॉडी जब्त की है।
भांकरोटा थानाधिकारी दीपक त्यागी के अनुसार 2 अक्टूबर 2026 को गौरीशंकर निवासी भांकरोटा ने अपनी स्विफ्ट कार घर के बाहर से चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा संदिग्ध मार्गों का रूट चार्ट तैयार किया। जांच में हरियाणा गैंग के मुख्य आरोपी योगेश यादव उर्फ कालू को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। पूछताछ में सामने आया कि योगेश ने चोरी की स्विफ्ट कार विक्की नामक व्यक्ति को बेची थी, जिसने आगे इसे जावेद अहमद कुरैशी को बेच दिया।
पुलिस जांच में गैंग के वाहन बेचने का तरीका सामने आया। आरोपी ओएलएक्स और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से उसी मेक और मॉडल की दुर्घटनाग्रस्त तथा कम कीमत वाली कारें खरीदते थे। इन वाहनों के वैध दस्तावेज उनके पास होते थे। इसके बाद गैरेज में चोरी की कार का इंजन निकालकर दुर्घटनाग्रस्त कार का इंजन और चेसिस नंबर प्लेट वेल्डिंग से लगा दी जाती थी। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहन का पंजीयन नंबर भी चोरी की कार पर लगा दिया जाता था।
इस तरह तैयार कार को दुर्घटनाग्रस्त वाहन के असली दस्तावेजों के आधार पर ओएलएक्स और कार बाजार में बिक्री के लिए पेश किया जाता था। ग्राहक मिलने पर कार को आरटीओ ले जाकर दस्तावेजों के आधार पर पंजीकृत मालिक के नाम से ग्राहक के नाम हस्तांतरित करवा दिया जाता था। इससे चोरी की कार की असली पहचान छिप जाती थी और आरोपी उसे ऊंची कीमत पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।
पुलिस के अनुसार 26 सितंबर 2026 को भांकरोटा थाना क्षेत्र से योगेश यादव उर्फ कालू और उसके साथी बलराज उर्फ बल्लू निवासी हरियाणा ने स्विफ्ट कार चोरी की थी। इसके बाद कार विक्की मंगवानी को बेची गई, जिसने बिना दस्तावेजों के इसे जावेद को बेच दिया। जावेद ने अपने साथियों के साथ मिलकर गैरेज में इसी मॉडल की दुर्घटनाग्रस्त कार खरीदी और उसके इंजन, चेसिस नंबर प्लेट तथा पंजीयन नंबर का इस्तेमाल चोरी की कार में किया।
पुलिस ने जांच के दौरान तैयार की गई कार और दुर्घटनाग्रस्त वाहन के बचे हुए हिस्से बरामद कर लिए। गिरोह के अन्य सदस्यों तथा वाहन चोरी और धोखाधड़ी की दूसरी वारदातों के संबंध में जांच जारी है।

















