जयपुर। मानसरोवर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में पांच साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी स्मैक सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान झालावाड़ निवासी रामबाबू तंवर (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने 17 नवंबर 2026 को तकनीकी सहायता और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसे जयपुर से दस्तयाब किया। पूछताछ और अनुसंधान के बाद उसे एनडीपीएस एक्ट की धारा में गिरफ्तार किया गया।
मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रामबाबू तंवर निवासी भालता जिला झालावाड़ है। पुलिस अब उससे स्मैक की आपूर्ति के अन्य स्रोतों और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी के अनुसार 10 मार्च 2021 को तत्कालीन सहायक पुलिस आयुक्त मानसरोवर लक्ष्मी सुथार ने मानसरोवर क्षेत्र में मिराज एजेंसी की बिल्डिंग के सामने शिव वाटिका कॉलोनी, मांग्यावास-चोपड़ा फार्म रोड पर कार्रवाई की थी। इस दौरान विक्रम मेरूठा और विजेन्द्र मेरूठा के कब्जे से 18 ग्राम अवैध स्मैक सहित अन्य सामान बरामद किया गया था। इस संबंध में मानसरोवर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ था कि वे स्मैक रामबाबू तंवर निवासी झालावाड़ से खरीदते थे।
इसके बाद से ही रामबाबू पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसके मूल निवास गांव लसूड़ियागेंद, तहसील इकलेरा, थाना भालता, जिला झालावाड़ में कई बार तलाश और दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने आरोपी की तलाश में झालावाड़ जिले के थाना भालता पुलिस से लगातार संपर्क बनाए रखा। तकनीकी सहायता और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसके जयपुर आने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई कर उसे दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया।
20 साल पुराने मामले में फरार दो सगे भाई गिरफ्तार
मानसरोवर थाना पुलिस ने फरार वांछित और स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत करीब 20 साल पुराने प्रकरण में फरार चल रहे दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी थे। पुलिस ने 15 नवंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए उन्हें रामगंज क्षेत्र से पकड़ा। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
थानाधिकारी सतीश चंद के अनुसार आरोपी कमल अग्रवाल और संजय अग्रवाल के खिलाफ स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। दोनों आरोपी लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहे थे और अपने मूल निवास स्थान से फरार होकर अन्य स्थानों पर रह रहे थे। पुलिस टीम ने दोनों की उनके मूल ठिकानों पर तलाश की। लेकिन वे वहां नहीं मिले। इसके बाद आसपास के क्षेत्रों में मुखबिरों के माध्यम से जानकारी जुटाई गई और तकनीकी सहायता ली गई।
इस दौरान कमल अग्रवाल के रामगंज क्षेत्र में रहने की सूचना मिली। इस पर पुलिस टीम ने दबिश देकर कमल अग्रवाल और उसके भाई संजय अग्रवाल को दस्तयाब किया और स्थाई गिरफ्तारी वारंट की पालना में कमल अग्रवाल (53) और संजय अग्रवाल (47) निवासी रामगंज जयपुर को गिरफ्तार किया गया।

















