जानलेवा हमले में घायल कैफे संचालक की ग्यारह दिन बाद मौत, अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार

0
29

जयपुर। वैशाली नगर क्षेत्र में जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल कैफे संचालक मयंक गोपालिया की सोमवार देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। वह पिछले ग्यारह दिनों से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे। महिला कर्मचारी के दोस्त के कैफे पर बार-बार आने को लेकर टोकने पर आरोपियों ने उन पर हमला किया था। पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

वैशाली नगर थानाधिकारी अरविन्द सिंह शेखावत ने बताया कि घटना 5 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे की है। मयंक गोपालिया कैफे बंद कर पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान कैफे से कुछ दूरी पर पहले से घात लगाकर खड़े बदमाश पीछे से दौड़कर आए और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से मयंक जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी हमलावर उन पर लगातार वार करते रहे। हमलावर उन्हें मृत समझकर बाइक और स्कूटी पर सवार अपने अन्य साथियों के साथ मौके से फरार हो गए।

हमले में गंभीर रूप से घायल मयंक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सिर में गंभीर चोट के कारण उनका ऑपरेशन भी करना पड़ा। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मयंक वैशाली नगर के निवासी थे और वैशाली मार्ग पर ‘ओवन द बेकरी’ नाम से कैफे संचालित करते थे। कैफे में एक महिला कर्मचारी काम करती थी। उसका दोस्त शाहरुख आए दिन उससे मिलने कैफे पर आता था। इस बात को लेकर मयंक ने उसे टोक दिया था। इस पर शाहरुख ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। 5 नवंबर को दिन में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था।

इसके बाद रात को शाहरुख ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर मयंक पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मोहम्मद शाहरुख, अकमान और मोहम्मद रसीद उर्फ अल्तमस को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी को सोमवार दिन में गिरफ्तार किया गया था। अब मयंक की मौत के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here