गोपाष्टमी पर छोटी काशी जयपुर डूबी गौ माता की भक्ति में

0
23
Jaipur immersed in devotion to the sacred cow
Jaipur immersed in devotion to the sacred cow

जयपुर। छोटी काशी जयपुर में मंगलवार को कार्तिक शुक्ल अष्टमी पर गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राजधानी में घरों से लेकर मंदिरों और गौशालाओं तक गौमाता की पूजा-अर्चना और आरती के आयोजन हुए। गौ भक्तों ने गाय और बछड़ों को तिलक लगाकर, उनका श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजन किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

गोपाष्टमी पर सुबह से ही शहर की गौशालाओं में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। गौशालाओं में मेले जैसा माहौल रहा। लोगों ने गायों को गुड़, चना और हरा चारा खिलाकर गौ सेवा की। कई स्थानों पर गौ भक्तों ने गायों के खुरों का पूजन किया और पंचामृत से अभिषेक किया। इसके बाद गायों को तिलक लगाकर आरती उतारी गई। गौशालाओं में आमजन को गौ सेवा के महत्व के प्रति जागरूक भी किया गया।

पंडित राजेश कुमार शर्मा के अनुसार शहर के जिन घरों में गायें हैं, वहां भी सुबह से ही गौ पूजन के लिए महिलाओं की भीड़ रही। महिलाओं ने सामूहिक रूप से गायों को कुमकुम और हल्दी का तिलक लगाया तथा नए लाल रंग के वस्त्र ओढ़ाकर उनका श्रृंगार किया। इसके बाद गायों को गुड़, चना और हरा चारा खिलाकर पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने गौ माता से परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

गोपाष्टमी के अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में भी धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिरों में श्रद्धालुओं ने गौ माता की पूजा-अर्चना कर आरती की। पूरे शहर में दिनभर गोपाष्टमी का उल्लास और गौ भक्ति का माहौल बना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here