गोविंद देवजी मंदिर में श्रद्धा और उल्लास से मनाई गोपाष्टमी

0
26
Gopashtami celebrated with devotion and joy at Govind Devji Temple
Gopashtami celebrated with devotion and joy at Govind Devji Temple

जयपुर। मंदिर श्री गोविंद देवजी महाराज में मंगलवार को कार्तिक शुक्ल पक्ष अष्टमी के अवसर पर गोपाष्टमी महोत्सव धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महोत्सव की शुरुआत सुबह पावन दिवस की मंगल झांकी से हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ठाकुर श्रीजी का विधिवत पंचामृत अभिषेक किया गया।

गोपाष्टमी के विशेष अवसर पर ठाकुर श्रीजी को केसरिया रंग की नटवर वेश पोशाक धारण कराई गई। इसके साथ ही विशेष अलंकार श्रृंगार, जूड़ा मुकुट, छड़ और श्रृंग धारण कराकर मनमोहक श्रृंगार किया गया। ठाकुर श्रीजी के सम्मुख गौमाता और बछड़ों के खिलौने सेवा में रखे गए, जिससे श्रद्धालुओं को भगवान श्री कृष्ण की गोचारण लीला के भावपूर्ण दर्शन हुए। इस अवसर पर ठाकुर श्रीजी को माखन-मिश्री का विशेष भोग अर्पित किया गया।

श्रृंगार झांकी के पश्चात श्रीमन्माध गौडेश्वराचार्य मानस गोस्वामी ने मंदिर प्रांगण स्थित तुलसी मंच पर विधि-विधान से गौपूजन किया। इस दौरान सर्वप्रथम गौ माता का अभिषेक किया गया। इसके बाद गौ माता का श्रृंगार कर आरती उतारी गई और भोग अर्पित किया गया।

मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए गौ पूजन की विशेष व्यवस्था सत्संग भवन में की गई थी। यह व्यवस्था मंगला झांकी से राजभोग झांकी तक रखी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में गोविंद भक्तों और दर्शनार्थियों ने ठाकुर श्रीजी की प्रिय गौ माता का पूजन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

गौडेश्वराचार्य मानस गोस्वामी के अनुसार गोपाष्टमी महोत्सव के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की गौसेवा और गौ चारण परंपरा का स्मरण कराया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here