पानी के कुंड में मिला युवक का अधजला शव: हत्या कर शव फेंकने की आशंका

0
16

जयपुर। प्रताप नगर थाना इलाके में द्रव्यवती नदी के पास पानी के कुंड में एक युवक का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की पहचान पवन (30) निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को कुंड में फेंका गया। पुलिस के अनुसार, युवक को दूसरी जगह आग लगाकर जलाया गया था।

सांगानेर एसीपी दीपक खंडेलवाल ने बताया कि घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे प्रताप नगर के सेक्टर-29 में सामने आई। यहां द्रव्यवती नदी के पास पानी भरने के लिए तिरपाल से बनाए गए कुंड में 4 से 5 फीट गहरे पानी में शव पड़ा मिला। सूचना पर प्रताप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए आरयूएचएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

पुलिस के अनुसार पवन प्रताप नगर इलाके में किराए के कमरे में रहता था और सीतापुरा स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। सांगानेर एसीपी दीपक खंडेलवाल ने बताया कि पवन बुधवार आधी रात को घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा और उसका कोई सुराग नहीं लगा।

पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या किसी दूसरी जगह करने के बाद शव को जलाया गया और फिर पानी के कुंड में डालकर ठिकाने लगाने का प्रयास किया गया। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here