जयपुर। पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र में इवेंट के बहाने बुलाकर एक युवक को स्कॉर्पियो में बंधक बनाने,उसका मोबाइल छीनने और दबाव डालकर झूठा वीडियो बनवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब डेढ़ घंटे तक युवक को गाड़ी में बंधक रखकर मारपीट की धमकी दी गई। इस दौरान आरोपियों ने उसके मोबाइल से अन्य लोगों को आपत्तिजनक संदेश भेजे और निजी फोटो भी निकाल लिए। पीड़ित ने आरोपियों से खुद और अपने परिवार की सुरक्षा को खतरा बताते हुए पुलिस में शिकायत दी है।
पुलिस के अनुसार महापुरा निवासी विनायक शर्मा ने रिपोर्ट दी कि वह इवेंट मैनेजमेंट का काम करता है। 13 नवंबर को उसे इवेंट के सिलसिले में क्लाइंट मीटिंग के लिए हयात होटल के पास अकेले बुलाया गया था। वह अपने एक दोस्त के साथ वहां पहुंचा तो स्कॉर्पियो में दो युवक मिले।
इसके बाद कुछ दूरी पर एक गली में स्कॉर्पियो रोक दी गई। इसी दौरान वहां दूसरी वेन्यू कार पहुंची, जिसमें से एडी मारकर्स डांस कंपनी का अभिमन्यु और उसका साथी सोनू उतरकर उसके पास आकर बैठ गए। आरोपियों ने विनायक के दोस्त को दूसरी वेन्यू कार में बैठा दिया और उसका मोबाइल छीन लिया।
विनायक का आरोप है कि आरोपियों ने उसके मोबाइल से दूसरे लोगों से बातचीत की और निजी फोटो निकाल लिए। इसके बाद दबाव डालकर उसका एक वीडियो भी बनाया गया, जिसमें उससे गलत बातें कहलवाई गईं। आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को मारपीट करने तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। पीड़ित के अनुसार, दोनों गाड़ियों में कुल छह लोग मौजूद थे, जिनमें आरोपियों के रिश्तेदार भी शामिल थे।
आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद विनायक ने खुद और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई। उसने शिकायत में कहा कि भविष्य में उसे या उसके परिवार को कोई नुकसान होता है तो इसके लिए अभिमन्यु, उसका परिवार और वारदात में शामिल अन्य लोग जिम्मेदार होंगे।
थानाधिकारी कविता ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एएसआई रामधन को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

















