जयपुर। लोक जनशक्ति पार्टी के सिरसी रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रतिभाशाली कराटे खिलाड़ी बहनों खुशबू और कुमकुम शेखावत के सम्मान में एक समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष प्रहलाद सिंह ने दोनों होनहार बेटियों का अभिनंदन कर उन्हें आशीर्वाद दिया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
गौरतलब है कि खुशबू और कुमकुम ने बेहद कम उम्र में कराटे के क्षेत्र में अपनी अद्भुत प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीते हैं। कठोर परिश्रम और समर्पण के बल पर दोनों बहनों ने कम आयु में ही ‘ब्लैक बेल्ट’ की उपाधि भी अर्जित की है। खेल के मैदान के साथ-साथ दोनों शिक्षा में भी अव्वल हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष प्रहलाद सिंह ने कहा कि खुशबू और कुमकुम जैसी बेटियां पूरे समाज के लिए मिसाल हैं। उनकी यह सफलता सिद्ध करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और उचित मार्गदर्शन से बेटियां हर मुकाम हासिल कर सकती हैं।
उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपनी बेटियों को आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट और कराटे का प्रशिक्षण अवश्य दिलाएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि पार्टी भविष्य में भी युवाओं का मनोबल बढ़ाने हेतु ऐसी खेल प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित करती रहेगी।

















