बंदरों के बढ़ते आतंक पर आम आदमी पार्टी ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

0
72

जयपुर। जयपुर शहर में बंदरों के बढ़ते आतंक और आम नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष मोहम्मद कलीम के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर संदेश नायक को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बगरू विधानसभा अध्यक्ष बदन सिंह मीणा, आदर्श नगर विधानसभा अध्यक्ष शहजाद खान सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ज्ञापन में जयपुर के विभिन्न आवासीय क्षेत्रों, बाजारों, कॉलोनियों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर बंदरों के बढ़ते आतंक पर चिंता जताई गई। इस दौरान 18 नवंबर 2026 को समाचार पत्रों में प्रकाशित कोटा की घटना का भी उल्लेख किया गया, जिसमें बंदर के अचानक हमले के बाद एक महिला की हार्ट अटैक से मृत्यु होने की खबर सामने आई थी। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसी घटनाएं नागरिकों की सुरक्षा के प्रति गंभीरता से कदम उठाने की आवश्यकता दर्शाती हैं।

ज्ञापन में मांग की गई कि नगर निगम और वन विभाग की संयुक्त विशेष टीम गठित की जाए तथा बंदरों से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे करवाया जाए। समस्या पैदा करने वाले बंदरों को नियमानुसार सुरक्षित तरीके से पकड़कर उपयुक्त प्राकृतिक आवास में स्थानांतरित किया जाए। इसके अलावा प्रत्येक नगर निगम जोन में शिकायत दर्ज करने और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था की जाए।

पार्टी ने स्कूलों, अस्पतालों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के साथ बंदरों के हमले में घायल नागरिकों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग भी की। जिला अध्यक्ष मोहम्मद कलीम ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण के साथ आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

प्रशासन को इस समस्या पर संज्ञान लेकर नगर निगम, वन विभाग और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक बुलाकर स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जयपुर के नागरिकों को अपने घरों, गलियों और बाजारों में सुरक्षित रहने का अधिकार है। किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किए बिना प्रशासन को समय रहते प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here