जयपुर। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को देवउठनी एकादशी या प्रबोधिनी एकादशी के रूप में पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस पावन दिन सृष्टि के पालनहार भगवान विष्णु चार माह की योग निद्रा से जागते हैं। श्रीहरि के जागने के साथ ही चातुर्मास का समापन हो जाएगा और पिछले चार महीनों से विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन सहित अन्य मांगलिक कार्यों पर लगा विराम भी हट जाएगा। इसके साथ ही घर-परिवारों में शादी-ब्याह की शहनाइयां गूंजने लगेंगी और शुभ आयोजनों का दौर शुरू हो जाएगा।
पंडित बनवारी लाल शर्मा के अनुसार पंचांग की गणना के आधार पर बताया कि एकादशी तिथि का आरंभ 20 नवंबर को प्रातः 7 बजकर 16 मिनट पर होगा, जो अगले दिन यानी 21 नवंबर को सुबह 4 बजकर 55 मिनट तक रहेगी। चूंकि सनातन धर्म में उदया तिथि का विशेष महत्व है, इसलिए गृहस्थजन 21 नवंबर को ही एकादशी का व्रत रखेंगे। जयपुर के आराध्य गोविंद देवजी मंदिर में भी 21 नवंबर को ही देवउठनी एकादशी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। वहीं, वैष्णव संप्रदाय के श्रद्धालु 20 नवंबर को व्रत रखकर भगवान विष्णु की विशेष आराधना करेंगे।
इस वर्ष देवउठनी एकादशी का पर्व ‘भीष्म पंचक’ के दौरान पड़ रहा है, जिसने इस तिथि के आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व को कई गुना बढ़ा दिया है। शास्त्रों में देवउठनी एकादशी को ‘स्वयंसिद्ध’ और ‘अबूझ मुहूर्त’ की श्रेणी में रखा गया है। मान्यता है कि इस दिन बिना किसी पंचांग शुद्धि के भी नए व्यापार, वाहन खरीदारी और शुभ कार्यों की शुरुआत करना अत्यंत मंगलकारी और फलदायी होता है।
चातुर्मास की समाप्ति के साथ ही छोटीकाशी के मंदिरों और घरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों की रौनक देखने को मिलेगी। श्रद्धालु भगवान विष्णु को योग निद्रा से जगाने के प्रतीक स्वरूप विधि-विधान से देवोत्थान पूजा करेंगे। इसके साथ ही पारंपरिक रूप से माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का भव्य विवाह रचाया जाएगा, जिसके पश्चात संपूर्ण देश में वैवाहिक कार्यक्रमों का विधिवत श्रीगणेश हो जाएगा।

















