जयपुर। देशी-विदेशी पर्यटकों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जयपुर कमिश्नरेट की उत्तर जिला पुलिस विशेष अभियान चला रही है। 17 से 23 नवंबर तक चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस ने अब तक पांच प्रकरण दर्ज कर छह लपकों सहित कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 15 आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करन शर्मा ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर माणक चौक, ब्रह्मपुरी, आमेर और पर्यटक थाना पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रमुख पर्यटन स्थलों, बाजारों और ऐतिहासिक धरोहरों के आसपास गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है। पर्यटकों के साथ अभद्रता, दुर्व्यवहार और उन्हें परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने पांच प्रकरणों में छह लपकों ममनून, साजिद खान, मनोज कुमार सिंधी, सानू, अकिल और पिंटू कुमार को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा धारा 170 बीएनएसएस के तहत श्रीकृष्ण महावर, सुनील सांभरिया, आरिफ, शाहरुख, सतीश खींची, शहरून, फरहान, शरवार, सोहेल, महेश, मोहम्मद रेहान, दानिश बेग, अमजद, मोहम्मद फरदीन और गोलू सांवरिया को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पर्यटकों को किसी भी तरह की परेशानी से बचाने के लिए अभियान 23 नवंबर तक जारी रहेगा।
















