जयपुर। सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को डॉक्टर से दिखाने के नाम पर अपने जाल में फंसाकर निजी मेडिकल स्टोर तक ले जाने और बदले में कमीशन वसूलने वाले गिरोह का सीएसटी टीम ने खुलासा किया है। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने 10 लोगों को हिरासत में लिया। इनमें से तीन व्यक्तियों की जांच में सही पाए जाने पर उन्हें छोड़ दिया गया, जबकि शेष सात को अग्रिम कार्रवाई के लिए एसएमएस थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने इन सातों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को डॉक्टर को दिखाने में मदद करने का झांसा देते थे। इसके बाद उन्हें निजी मेडिकल स्टोर पर ले जाते थे और इस काम के बदले कमीशन वसूलते थे। गिरोह के सदस्य अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों को निशाना बनाते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मदन सैनी (32) निवासी चांदसेन, मालपुरा जिला टोंक, आशीष शर्मा (38) निवासी बड़ी चौपड़ जयपुर,शादाब अहमद (38) निवासी घाटगेट बाजार जयपुर, पवन जोगी (27) निवासी इंदरगढ़ जिला करौली, प्रकाश गुर्जर (36) निवासी चांदपोल जयपुर, सोनू (32) निवासी चौथ का बरवाड़ा जिला सवाई माधोपुर तथा हनुमान सिंह गुर्जर (30) निवासी दौसा हाल सुशीलपुरा जयपुर के रूप में हुई है।
एसएमएस थाना पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों, निजी मेडिकल स्टोर से इनके संपर्क और कमीशन के पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

















