श्री सरस निकुंज में आज देव प्रबोधिनी एकादशी महोत्सव

0
29

जयपुर। सुभाष चौक के पानों का दरीबा स्थित श्रीशुक संप्रदाय की प्रधान पीठ ‘श्री सरस निकुंज’ में शनिवार को देव प्रबोधिनी एकादशी का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस विशेष अवसर पर ठाकुर श्री राधा-कृष्ण का मनोहारी ऋतु श्रृंगार, भोग अर्पण और तुलसी महारानी की आराधना के विविध धार्मिक आयोजन होंगे।

श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने जानकारी दी कि पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण जी महाराज के सान्निध्य में सुबह नित्य सेवा-दर्शन के पश्चात ठाकुरजी का मौसमी फूलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। मौसम में बढ़ती ठंडक को देखते हुए महाराज श्री द्वारा ठाकुरजी को लाड़ सेवा के तहत विशेष ऋतु फल, केसर, हीना और गर्माहट देने वाले सुगंधित इत्र चरणों में अर्पित किए जाएंगे। साथ ही, प्रभु को विभिन्न सागारी व्यंजनों और मौसमी फलों का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद स्वरूप फलों का वितरण किया जाएगा।

महोत्सव के अंतर्गत शाम को संध्या आरती से पूर्व तुलसी महारानी का विशेष पूजन होगा। इस दौरान सुगंधित धूप-बत्ती और दीप प्रज्वलित कर श्रद्धालुओं को तुलसी जी के दिव्य दर्शन कराए जाएंगे, जिसके बाद संध्या आरती संपन्न होगी।

आयोजन के अंतिम चरण में रात्रि 7 से 9 बजे तक सरस परिकर के वैष्णवजन भक्ति भाव से ओतप्रोत पारंपरिक पदावलियों का सामूहिक गायन करेंगे। इस प्रकार भक्ति-संगीत, सेवा और पारंपरिक अनुष्ठानों के मध्य देवोत्थान एकादशी का उत्सव मनाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here