जयपुर के 299 वें स्थापना दिवस पर गंगापोल गेट पर हुआ गणेश पूजन

0
19

जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर ने बुधवार को अपना 299 वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया। शहर की स्थापना के प्रतीक स्थल गंगापोल गेट पर गणेशजी की पूजा-अर्चना के साथ समारोह की शुरुआत हुई। इस अवसर पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। शहनाई वादन और नगाड़ों की गूंज के बीच आसमान से बरसते फूलों ने समारोह को विशेष बना दिया। कार्यक्रम में जयपुर के प्रथम नागरिक महापौर सुनील कोठारी, सांसद मंजू शर्मा, विधायक बालमुकुंद आचार्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

मान्यता के अनुसार आज से 299 वर्ष पहले गंगापोल गेट के पास यज्ञ और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जयपुर नगर की नींव रखी गई थी। इसी के साथ दुनिया के पहले सुनियोजित शहरों में शामिल जयपुर की स्थापना हुई थी। स्थापना दिवस के अवसर पर गंगापोल गेट पर क्रेन की मदद से भगवान गणेश का पूजन किया गया। महापौर सुनील कोठारी ने शहर की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि जिस तरह राजस्थान दिवस हिंदी तिथि के अनुसार मनाया जा रहा है, उसी तरह जयपुर का स्थापना दिवस भी हिंदी तिथि पौष कृष्ण प्रतिपदा के अनुसार मनाने पर विचार किया जाएगा।

अतिक्रमण मुक्त हो शहर, विरासत का हो संरक्षण

सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि तीन शताब्दियों का सफर तय कर चुका जयपुर आज भी अपनी ऐतिहासिक पहचान और आधुनिक विकास के बीच संतुलन बनाए हुए है। उन्होंने शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता जताते हुए जयपुर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की आवश्यकता बताई।

विधायक बालमुकुंद आचार्य ने कहा कि एक ओर मेट्रो, चौड़ी सड़कें और स्मार्ट सिटी की सुविधाएं जयपुर को आधुनिक दौर से जोड़ रही हैं, वहीं दूसरी ओर परकोटे के बाजार, हवेलियां, मंदिर और ऐतिहासिक इमारतें शहर की पुरानी रौनक को जीवंत रखे हुए हैं। यही विरासत जयपुर को दूसरे शहरों से अलग पहचान देती है। उन्होंने शहर की ऐतिहासिक पहचान और विरासत को सुरक्षित रखने पर जोर दिया।

गोविंददेवजी मंदिर में किए दर्शन, स्टेच्यू सर्किल पर दीपोत्सव

गंगापोल गेट पर पूजा-अर्चना के बाद जनप्रतिनिधियों ने जयपुर के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। यहां विशेष पूजा-अर्चना कर शहर की उन्नति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।

वहीं स्थापना दिवस के अवसर पर स्टेच्यू सर्किल पर हजारों दीपक जलाकर दीपोत्सव मनाया गया। दीपों से सजे सर्किल पर शहरवासियों ने उत्सव में भाग लिया। स्टेच्यू सर्किल पर समारोह में शामिल होने उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, जयपुर मेयर सुनील कोठारी समेत नगर निगम के अधिकारी पहुंचे।। वहीं हेलीकॉप्टर से स्टेच्यू सर्किल पर भी पुष्प वर्षा की गई।

इस तरह जयपुर के 299 वें स्थापना दिवस पर पूजा-अर्चना, पुष्प वर्षा, दीपोत्सव और कवि सम्मेलन के माध्यम से शहर की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान का उत्सव मनाया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here