गोविंद देवजी मंदिर में आंवला नवमी उत्सव मे ठाकुरजी को धारण कराई केसरिया लप्पा जामा पोशाक

0
16

जयपुर। श्री गोविंद धाम, ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी महाराज, जयपुर में बुधवार को कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर आंवला नवमी उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंगला झांकी के पश्चात ठाकुर श्रीजी एवं आंवला पौधे का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अभिषेक किया गया। यह अनुष्ठान श्रीमद् माध्व गौड़ेश्वराचार्य महंत श्री मानस गोस्वामी के सान्निध्य में संपन्न हुआ।

उत्सव के अवसर पर ठाकुर श्रीजी को केसरिया रंग की लप्पा जामा पोशाक धारण कराई गई तथा विशेष अलंकारों से शृंगार किया गया। मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
वहीं, जयपुर दिवस समारोह की शृंखला में नगर निगम जयपुर की ओर से मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा, हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंद आचार्य, महापौर सुनील कोठारी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने ठाकुर श्रीजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान महंत श्री मानस गोस्वामी ने अतिथियों को दुपट्टा, लॉकेट एवं ठाकुर श्रीजी की छवि भेंट कर आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर दर्शनार्थियों एवं गोविंद भक्तों ने सांसद और महापौर से मंदिर के समीप पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की मांग उठाई। भक्तों ने कंवर नगर, ब्रह्मपुरी तथा जलेब चौक में भूमिगत पार्किंग बनाने का सुझाव दिया। साथ ही जयपुर की स्थापित वास्तुकला के अनुरूप मंदिर के पीछे स्थित गोविंद कुंड में जल प्रवाह पुनः शुरू कर उसे जीवंत करने की मांग भी रखी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here