तीस लाख रुपए के चोरी के माल के साथ दो शातिर नकबजन गिरफ्तार

0
18

जयपुर। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 लाख रुपए मूल्य के चोरी के जेवरात और अन्य सामान, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा नकबजनी के औजार बरामद किए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपी पुलिस थाना विश्वकर्मा के हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, डकैती, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास सहित कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणजीत उर्फ विजय (25) पुत्र सुखो सिंह पटेल निवासी बड़ोखर, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) और राजेश श्रीवास्तव उर्फ गुड्डू (28) पुत्र ओमेश लाल श्रीवास्तव निवासी घोड़ादेही, आरा (बिहार) के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में जयपुर में रजनी विहार करणी विहार क्षेत्र में किराए पर रह रहे थे।

दोनों आरोपी थाना विश्वकर्मा के हिस्ट्रीशीटर हैं। इनके खिलाफ विश्वकर्मा, मुरलीपुरा, करधनी, हरमाड़ा, करणी विहार, भांकरोटा और कोतवाली सिरोही सहित विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, डकैती, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। इनमें कई प्रकरण विचाराधीन हैं। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों और चोरी के माल की बरामदगी के संबंध में पूछताछ कर रही है।

हरमाड़ा थानाधिकारी नरेंद्र भड़ाना के अनुसार 22 अक्टूबर को परिवादी विशाल सिंह चारण निवासी ग्रीन नगर, न्यू लोहामंडी रोड, हरमाड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 20 अक्टूबर को मकान पर ताला लगाकर अपने ननिहाल गठवाड़ा गांव गए थे। 22 अक्टूबर की शाम घर लौटे तो मुख्य दरवाजे और अंदर की अलमारियों के ताले टूटे मिले। अलमारी के लॉकर में रखे कीमती सोने-चांदी के जेवरात गायब थे।

इस संबंध में हरमाड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने, मुखबिर तंत्र और पारंपरिक पुलिसिंग के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद बैनाड़ क्षेत्र से दोनों को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन के समय कॉलोनियों में घूमकर सूने मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद दीवार फांदकर मकान में प्रवेश करते और ताले तोड़कर नकदी व जेवरात चोरी कर लेते थे। दोनों अपनी पहचान छिपाने के लिए लगभग हर पांच महीने में किराए का कमरा बदल लेते थे और दूसरी जगह नया ठिकाना बना लेते थे।

पुलिस जांच में आरोपियों के चोरी करने के तरीके का भी खुलासा हुआ है। आरोपी चोरी किए गए सोने के जेवरात बाजार में बेचने के बजाय अपना सोना बताकर मुथूट मर्केंटाइल प्राइवेट लिमिटेड जैसी वित्तीय कंपनियों में गिरवी रखकर ऋण लेते थे। संदेह से बचने के लिए वे एक साथ पूरा सोना गिरवी नहीं रखते थे, बल्कि अलग-अलग समय पर एक-एक आभूषण जमा कराते थे। वहीं, चांदी के जेवरात किराए के कमरे में रखते थे और शक होने पर उन्हें उत्तर प्रदेश ले जाकर कम कीमत पर बेच देते थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here