जयपुर। लाल कोठी थाना पुलिस ने ई-रिक्शा में सफर करने वाली महिला यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी और लूट की वारदात करने वाली गुजराती गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिलाओं के कब्जे से 20 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार महिलाएं ई-रिक्शा में अकेली सफर कर रही महिलाओं के बैग से नकदी और कीमती सामान चोरी करती थीं। विरोध करने या पकड़े जाने पर पेचकस जैसे धारदार हथियार से हमला करने और जान से मारने की धमकी देती थीं। फिलहाल आरोपित महिलाओं से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि लाल कोठी थाना पुलिस ने ई-रिक्शा में सफर करने वाली महिला यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी और लूट की वारदात करने वाली गुजराती गैंग शातिर महिला सदस्य पुष्पा (26) पत्नी साहिल, मनीषा (23) पत्नी महेश और भूरी (28) पत्नी विक्रम के रूप में की है। तीनों गुजरात के अहमदाबाद जिले के साबरमती क्षेत्र स्थित लकड़ियापुल की निवासी हैं। वर्तमान में जयपुर में अजमेर रोड स्थित 200 फीट बाईपास पुलिया के नीचे फुटपाथ पर रह रही थीं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि तीनों महिलाएं एक संगठित गुजराती गैंग से जुड़ी हैं। गैंग की महिलाएं ई-रिक्शा और सार्वजनिक वाहनों में अकेली सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाती थीं। सफर के दौरान मौका देखकर उनके बैग से नकदी और गहने चोरी कर लेती थीं। पकड़े जाने या विरोध होने पर पेचकस जैसे धारदार हथियार दिखाकर पीड़िताओं को डराती-धमकाती थीं। पुलिस के अनुसार आरोपी महिलाएं पूर्व में भी चोरी के मामलों में अन्य थानों से गिरफ्तार हो चुकी हैं। उनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ किया जा रहा है।
लालकोठी थानाधिकारी श्याम सुंदर के अनुसार 17 नवंबर को एक महिला ने लालकोठी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह हल्दियों के रास्ते से ई-रिक्शा में बैठकर अजमेरी गेट जा रही थी। ई-रिक्शा में पहले से तीन अन्य महिलाएं सवार थीं। न्यू गेट के पास परिवादिनी को अपने हैंडबैग से रुपए निकाले जाने का आभास हुआ।
उसने एक महिला का हाथ पकड़ लिया तो अन्य दोनों महिलाओं ने पेचकस नुमा धारदार हथियार निकाल लिया। आरोपियों ने महिला को धमकाते हुए कहा कि उसके गाल पर चीरा लगाकर चेहरा बिगाड़ देंगे और पेट में पेचकस घोंपकर जान से मार देंगे। इसके बाद तीनों महिलाएं उसके बैग से एक लाख रुपए चोरी कर फरार हो गईं। वारदात के दौरान महिलाएं गुजराती भाषा में बातचीत कर रही थीं।
इस संबंध में लालकोठी थाने में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। और विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने मुखबिर की सूचना, तकनीकी सहायता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों महिलाओं को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी महिलाओं से चोरी की रकम में से 20 हजार रुपए बरामद किए गए।

















