फर्जी क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर 87 लाख रुपए की ठगी करने वाले गिरफ्तार

0
14
Cunning thief arrested for stealing ₹3 lakh from a marriage garden.

जयपुर। साइबर पुलिस थाना जयपुर ने फर्जी क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर 87 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को प्रतिमाह 10 से 15 प्रतिशत मुनाफा देने का झांसा देकर निवेश करवाते थे। इसके लिए उन्होंने फर्जी वेबसाइट और मोबाइल एप भी तैयार कर रखा था।

पुलिस के अनुसार परिवादी ने शिकायत दर्ज करवाई कि अगस्त 2024 में घनश्याम कांडल और मोहित कलोया ने उससे संपर्क किया था। दोनों ने खुद को मोशन मोडेक्सिस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का संस्थापक और सह-संस्थापक बताते हुए फ्लिंटी कॉइन नामक क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने पर प्रतिमाह 10 से 15 प्रतिशत मुनाफा देने का भरोसा दिलाया। आरोपियों ने नवंबर 2024 से अगस्त 2025 के बीच परिवादी से ऑनलाइन और नकद माध्यम से कुल 87 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद मुनाफा देना और भुगतान करना बंद कर दिया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ठगी के लिए फ्लिंटी डॉट लाइव नाम से फर्जी वेबसाइट और मोबाइल एप बनाया था। इस पर निवेशकों को बढ़ता हुआ बैलेंस और मुनाफा दिखाया जाता था। निवेशकों का विश्वास जीतने के लिए आरोपियों ने सॉफ्टवेयर विकास और ऑनलाइन गेमिंग कंपनी के नाम से कार्यालय भी खोल रखा था।

शुरुआत में कुछ महीनों तक निवेशकों को 10 से 15 प्रतिशत मुनाफा लौटाया जाता था, ताकि वे अधिक रकम निवेश करें। इसके बाद निवेशकों को अपनी जमा पूंजी के साथ ऋण और रिश्तेदारों से उधार लेकर रकम लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ठगी की रकम विभिन्न बैंक खातों में मंगवाकर मुख्य आरोपी के फेडरल बैंक खातों में स्थानांतरित की जाती थी। बड़ी रकम जमा होने के बाद आरोपी विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून लागू होने और भुगतान व्यवस्था बंद होने का बहाना बनाकर भुगतान रोक देते थे।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) प्रदीप गोयल के निर्देशन में एसीपी साइबर क्राइम हेमराज के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में घनश्याम कांडल (35) निवासी चितवाड़ी, थाना सामोद और मोहित कलोया (27) निवासी बिहारीपुरा, थाना कालाडेरा, जयपुर ग्रामीण शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here