जयपुर। राजधानी जयपुर के शास्त्री नगर स्थित तेलीपाड़ा व्यास कॉलोनी स्थित ऐतिहासिक श्री विजय वीर हनुमान मंदिर में अन्नकूट महोत्सव बुधवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान हनुमान के दर्शन कर अन्नकूट प्रसादी ग्रहण की।
मंदिर के महंत राघव दास ने बताया कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन बुधवार की दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित किया गया। आयोजन में शास्त्री नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सपरिवार भाग लिया।
अन्नकूट महोत्सव में वृशिहवास महाराज एवं जगदीश महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। संत-महात्माओं की उपस्थिति में धार्मिक वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
आयोजन के दौरान मंदिर में अन्नकूट प्रसादी की विशेष व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में पहुंचे धर्म प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने प्रसादी ग्रहण की। मंदिर परिसर में पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। मंदिर समिति एवं आयोजकों ने आयोजन में शामिल हुए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

















