जयपुर में 4 से 6 दिसंबर तक होगा लोकमंथन-2026

0
19

जयपुर। प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि युवा पीढ़ी ही नहीं, पिछली पीढ़ी भी पश्चिमी सभ्यता से प्रभावित रही है। भारतीय संस्कृति, रीति-रिवाजों और परंपराओं को लेकर एक अंतराल रहा है। इतिहास को भी अलग तरीके से लिखा और पढ़ाया गया। अब इसे बदलने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई शिक्षा नीति के माध्यम से इस दिशा में काम किया गया है।

दीया कुमारी जयपुर में 4 से 6 दिसंबर तक आयोजित होने वाले लोकमंथन-2026 की जानकारी दे रही थीं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के उद्देश्य से जवाहर कला केंद्र में तीन दिवसीय आयोजन होगा। इस बार आयोजन की थीम ‘हम भारत के लोग’ रखी गई है। इसमें युवाओं के साथ विशेष संवाद भी किया जाएगा।

इस आयोजन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी सहित देश-विदेश की कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। इस अवसर पर लोकमंथन आयोजन समिति के पदाधिकारी तथा अखिल भारतीय संयोजक एवं प्रज्ञा प्रवाह के महासचिव जे. नंदकुमार भी मौजूद रहे।

सांस्कृतिक एकता का आधार है लोक परंपरा

जे. नंदकुमार ने कहा कि देश के अलग-अलग क्षेत्रों की वाणी, पानी, परंपराएं और सांस्कृतिक विशेषताएं अलग-अलग हैं। कला और संस्कृति हमारी धरोहर हैं। इन्हें सहेजकर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भारत में कई परंपराएं, रीति-रिवाज और संस्कृतियां परस्पर विरोधी प्रतीत होती हैं, लेकिन संस्कृति ही सांस्कृतिक एकता का आधार है। लोकमंथन का उद्देश्य भारत के बौद्धिक और सांस्कृतिक पक्षों के बीच की दूरी को पाटना है। जयपुर से पहले भोपाल, रांची, गुवाहाटी और हैदराबाद में लोकमंथन के आयोजन हो चुके हैं। इनमें औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्ति, भारत बोध, लोक परंपरा और लोकावलोकन जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया था।

लोककला, शिल्प और पारंपरिक ज्ञान पर होगी चर्चा

लोकमंथन-2026 में भारतीय लोकजीवन, कला, संस्कृति, परंपराओं और ज्ञान परंपरा के विविध आयामों पर चर्चा होगी। आयोजन में लोककला, लोकसाहित्य, हस्तशिल्प, संगीत, नृत्य, रीति-रिवाज और पारंपरिक ज्ञान से जुड़े विषय शामिल होंगे। ग्रामीण और वनवासी समाज के प्रतिनिधियों, लोक कलाकारों, शिल्पकारों, विद्वानों और युवाओं की सहभागिता से लोक संस्कृति और आधुनिकता के बीच संवाद स्थापित किया जाएगा। विश्वभर से अतिथि और वक्ता भी इसमें भाग लेंगे।

लोक कलाकारों को मिलेगा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच

दीया कुमारी ने कहा कि लोकमंथन का उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक जागरण पैदा करना और लोगों को अपनी लोक संस्कृति से जोड़ना है। राजस्थान की कई रीति-रिवाज, परंपराएं और लोककलाएं धीरे-धीरे पीछे छूटती जा रही हैं। इन्हें सहेजने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की आवश्यकता है। लोकमंथन-2026 राजस्थान की लोक संस्कृति, कला और शिल्प को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर बनेगा।

उन्होंने बताया कि आयोजन केवल व्याख्यानों तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें संवाद, शास्त्रार्थ, लोककला प्रस्तुतियां, प्रदर्शनियां, शिल्पकला कार्यशालाएं, खाद्य उत्सव और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here