बीस नवंबर को होगी जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना

0
12
Lok Sabha general election
Lok Sabha general election

जयपुर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत बीस नवंबर को होने वाली जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मतगणना सीकर रोड स्थित श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी में सुबह आठ बजे से शुरू होगी। मतगणना में नियुक्त सभी कार्मिकों को सुबह छह बजे तक निर्धारित स्थल पर पहुंचना होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना कार्य के सुचारू संचालन के लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को पर्याप्त कार्मिक नियुक्त करने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक और एक मतगणना सहायक नियुक्त किया जाएगा। कार्मिकों की नियुक्ति मतदान दल रचना प्रकोष्ठ के माध्यम से होगी। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें पहचान पत्र दिए जाएंगे तथा मतगणना स्थल पर आवंटित कक्ष और टेबल के नियुक्ति आदेश वितरित किए जाएंगे।

पहचान पत्र से मिलेगा प्रवेश, वार्डवार होगी मतगणना

मतगणना कक्ष में उम्मीदवारों, उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं मतगणना अभिकर्ताओं को निर्धारित पहचान पत्र के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। उम्मीदवारों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं के पहचान पत्र जिला परिषद के सहायक रिटर्निंग अधिकारी अथवा संबंधित पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारी जारी करेंगे। प्रवेश के समय पहचान पत्रों का सत्यापन किया जाएगा।

एक मतगणना कक्ष में एक समय में केवल एक वार्ड की मतगणना होगी। वार्ड का परिणाम घोषित होने के बाद संबंधित उम्मीदवारों एवं अभिकर्ताओं को तत्काल मतगणना कक्ष और स्थल छोड़ना होगा। इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी कंट्रोल रूम को सूचना देंगे और माइक के माध्यम से अगले वार्ड के उम्मीदवारों एवं अभिकर्ताओं को बुलाया जाएगा। इसके बाद अगले वार्ड की मतगणना शुरू होगी।

पहले होगी पोस्टल बैलेट की गणना

निर्वाचन प्रक्रिया के तहत प्रत्येक वार्ड की ईवीएम से मतगणना शुरू होने से पहले उसी वार्ड के पोस्टल बैलेट की गणना की जाएगी। जिला परिषद के सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारी अपने-अपने स्तर पर पोस्टल बैलेट को वार्डवार अलग-अलग करेंगे। दो वार्डों के पोस्टल बैलेट की गणना एक साथ नहीं होगी। पोस्टल बैलेट की गणना पूरी होने के बाद ही संबंधित वार्ड की ईवीएम से मतगणना शुरू की जाएगी।

मतगणना पूरी होने के तत्काल बाद संबंधित जिला परिषद के सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारी निर्वाचित सदस्य को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे और शपथ दिलाने की कार्रवाई करेंगे। प्रमाण पत्र प्राप्त करने और शपथ लेने के बाद निर्वाचित सदस्य को भी मतगणना स्थल छोड़ना होगा।

ईवीएम की सुरक्षित आवाजाही की जिम्मेदारी अधिकारियों की

ईवीएम को संग्रहण कक्ष से मतगणना कक्ष तक पहुंचाने और मतगणना के बाद सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निर्धारित अधिकारियों को सौंपी गई है। तहसीलदार अथवा नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारी ईवीएम को संग्रहण कक्ष से मतगणना कक्ष तक लेकर आएंगे। मतगणना पूरी होने के बाद ईवीएम एवं संबंधित सामग्री निर्धारित प्रक्रिया के तहत निवारू रोड स्थित ईवीएम स्टोर में जमा करवाई जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष निर्देश

मतगणना में लगे कार्मिकों एवं अन्य अधिकृत व्यक्तियों को मतगणना के दौरान परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। परिसर में बीड़ी, सिगरेट, माचिस, ब्लेड सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं लाने पर रोक रहेगी। मतगणना दिवस पर व्यवस्था में नियुक्त प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को मोबाइल और पेजर लेकर परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित प्रभारियों को मतगणना स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों को मतगणना स्थल पर सुरक्षा एवं अनुशासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here