जयपुर। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) कोटा की टीम ने ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत कार्रवाई करते हुए हैंगिंग ब्रिज टोल पर एक ब्रेजा कार से 16.431 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। तस्करों ने अफीम कार की स्टेपनी में छिपाकर रखी थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली है।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, राजस्थान के उप नारकोटिक्स आयुक्त कोटा नरेश बुन्देल ने बताया कि अधिकारियों को विशेष सूचना मिली थी कि राजस्थान नंबर की एक ब्रेजा कार में झालावाड़ से जयपुर की ओर भारी मात्रा में अफीम ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर सीबीएन कोटा की टीम ने संदिग्ध मार्ग पर निगरानी शुरू की। इस दौरान हैंगिंग ब्रिज टोल पर संदिग्ध कार को रुकवाकर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की स्टेपनी में छिपाकर रखे गए नौ पैकेट मिले। इन पैकेटों में कुल 16.431 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इसके बाद टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया।
उप नारकोटिक्स आयुक्त ने बताया कि ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रहा है। ब्यूरो का उद्देश्य मादक पदार्थों की जब्ती के साथ-साथ अवैध तस्करी नेटवर्क और मादक पदार्थों के गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
दोनों आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अफीम और कार जब्त कर ली गई है।

















