श्री सरस निकुंज में देव प्रबोधिनी एकादशी महोत्सव में ऋतु पुष्पों से सजा ठाकुरजी का दरबार

0
59

जयपुर। आचार्य पीठ श्री सरस निकुंज, दरीबा पान, सुभाष चौक में देव प्रबोधिनी एकादशी महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी जू सरकार का विशेष श्रृंगार किया गया। ऋतु पुष्पों, दाऊदी की मालाओं और शीत ऋतु के अनुरूप गर्म पोशाक से ठाकुरजी का दरबार सजाया गया।

प्रातःकाल नित्य सेवा-दर्शन के साथ ठाकुरजी को विशेष ऋतु पुष्पों से सजाया गया और विभिन्न प्रकार की सागारी सामग्रियों का भोग अर्पित किया गया। श्रीशुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज ने ठाकुरजी की लाड़ सेवा की।

उन्हें विशेष ऋतु फल, सुगंधित इत्र, केसर और हीना अर्पित किए गए। शीत ऋतु के अनुरूप गर्म पोशाक धारण कराकर विभिन्न रंगों के दाऊदी पुष्पों और सुगंधित फूलों से बने गजरा-मालाओं से श्रृंगार किया गया। ठाकुरजी को स्वर्ण निर्मित चंद्रिका, कंगन सहित अन्य आभूषणों से भी सुसज्जित किया गया।

श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि महोत्सव में तिल-गुड़ से निर्मित विभिन्न सामग्रियों तथा सायंकाल केसरिया दूध का भोग अर्पित किया गया। फलों और सागारी सामग्रियों का भोग लगाने के बाद श्रद्धालुओं को ऋतु फलों का वितरण किया गया।
इस दौरान आचार्यों की विनयावली और एकादशी व्रत की महिमा से जुड़े पदों का गायन हुआ। श्रद्धालुओं ने निकुंज परिसर में विराजित श्री तुलसी-शालिग्राम जी के मंडप पर मनोरथ स्वरूप दीप प्रज्ज्वलित किए और हरिनाम संकीर्तन के साथ परिक्रमा की।

सायंकाल 7 से रात 9 बजे तक श्री सरस परिकर के वैष्णवजनों ने सामूहिक रूप से भक्तिमय पदावलियों का गायन किया। इसमें ‘छबीले दोउ छबि सो कुंज बिराजे’, ‘आज अनोखी लागे युगल छबि’ और ‘युगलवर कर श्रृंगार बिराजे’ सहित अन्य पद प्रस्तुत किए गए। हरिनाम संकीर्तन और भक्ति संगीत से पूरा निकुंज परिसर भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शन कर महोत्सव में भाग लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here