छोटी काशी में धूमधाम से निकली भगवान शालिग्राम की बारात

0
59

जयपुर। छोटी काशी जयपुर में देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर वृन्दा रानी तुलसी महारानी और भगवान शालिग्राम नारायण शिला का विवाह महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। खजाने वालों का रास्ता स्थित पांडे भवन से भगवान शालिग्राम की भव्य बारात निकाली गई। रथ पर भगवान शालिग्राम की मनमोहक झांकी सजाई गई। बैंड-बाजों की मधुर धुन, भजन और रामनाम संकीर्तन के बीच संत-महंतों और श्रद्धालुओं ने बारात में शामिल होकर उत्सव की शोभा बढ़ाई।

बारात विभिन्न मार्गों से होती हुई माधो बिहारी जी का आहता, संसार चंद्र रोड स्थित विवाह स्थल पहुंची। यहां गोधूलि बेला में तुलसी महारानी और भगवान शालिग्राम के विवाह की रस्में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न कराई गईं। विवाह समारोह में वरमाला, पूजन सहित विभिन्न मांगलिक रस्में निभाई गईं।

विवाह महोत्सव में मंजू शर्मा और राजेंद्र शर्मा ने तुलसी महारानी का कन्यादान किया। इस अवसर पर माता तुलसी को वस्त्र, चुनरी और सुहाग की सामग्री अर्पित की गई। जिन परिवारों में बेटी नहीं है, उन्होंने तुलसी माता को अपनी बेटी मानकर कन्यादान की रस्म निभाई। श्रद्धालुओं ने विवाह समारोह में शामिल होकर इस धार्मिक आयोजन के साक्षी बने। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और उल्लास का माहौल रहा तथा मंगलमय वातावरण में तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव संपन्न हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here