जयपुर। कालवाड़ थाना पुलिस ने खेतों से बिजली की केबल चोरी करने और वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्विफ्ट कार, चार मोटरसाइकिलें और चोरी की गई बिजली केबल के तार बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कापड़ियावास, कंवर का बास, सुंदरियावास और भंभौरी क्षेत्र के खेतों से बिजली केबल चोरी करने की वारदातें स्वीकार की हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि कालवाड़ थाना पुलिस ने खेतों से बिजली की केबल चोरी करने और वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तेजपाल चौधरी (34) और फूलचंद चौधरी (42) निवासी ग्राम कापड़ियावास हाल हाथोज कालवाड़ तथा संतोष कुमार चौधरी उर्फ शैतान (28) निवासी खौराबीसल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे की हालत में सुनसान स्थानों से वाहन चोरी करते थे और रात के समय खेतों में पहुंचकर बिजली की केबल काटकर ले जाते थे। आरोपियों ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में केबल चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार और चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की बिजली केबल के तार भी जब्त किए हैं। कालवाड़ थानाधिकारी दिलीप सिंह कालवाड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 29 अक्टूबर को ग्राम महेशवास खुर्द स्थित सरकारी बोरिंग से अज्ञात चोर करीब 640 फीट बिजली की केबल चुरा ले गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्धों पर निगरानी रखी, आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र से सूचनाएं जुटाईं। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

















