‘बॉस स्कैम’ में ठगे गए ज्वैलरी व्यापारी को वापस मिले 52 लाख रुपए

0
21

जयपुर। जयपुर साइबर थाना पुलिस ने ‘बॉस स्कैम’ के जरिए ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए ज्वैलरी व्यापारी को 52 लाख 47 रुपए की पूरी राशि वापस दिलवाई है। पुलिस ने बैंक समन्वय और कानूनी प्रक्रिया के जरिए ठगी की रकम फ्रीज करवाकर कोर्ट के माध्यम से पीड़ित को रिफंड कराई।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) योगेश गोयल ने बताया कि चांदपोल क्षेत्र की विवेकानंद कॉलोनी निवासी ज्वैलरी व्यापारी ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। 24 सितंबर को व्यापारी के अकाउंटेंट के व्हाट्सऐप पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया था। उस नंबर की प्रोफाइल फोटो पर ‘बॉस की बेटी’ की तस्वीर लगी थी। संदेश भेजने वाले ने खुद को परिचित और अधिकृत व्यक्ति बताकर एक बैंक खाते में बड़ी रकम ट्रांसफर करने के निर्देश दिए।

संदेश पर भरोसा कर व्यापारी की फर्म ‘श्री गोविन्द ज्वैलर्स’ के खाते से आरटीजीएस के जरिए इंडसइंड बैंक के खाते में 52,00,047 रुपए ट्रांसफर कर दिए गए। बाद में पता चला कि व्यापारी ने इस लेन-देन के लिए कोई निर्देश नहीं दिया था और किसी ने बॉस बनकर धोखाधड़ी की थी। इस मामले में साइबर थानाधिकारी हेमराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने बैंक अधिकारियों से समन्वय कर ठगी की रकम सुरक्षित करवाई। इसके बाद कोर्ट के माध्यम से व्यापारी को पूरी राशि वापस दिलाई गई। रकम वापस मिलने पर व्यापारी ने पुलिस का आभार जताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here