जयपुर। गांधी नगर थाना पुलिस ने डेटिंग ऐप पर फर्जी पहचान बनाकर कॉलेज छात्रा से दोस्ती करने, छेड़छाड़ और मारपीट करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल काले रंग की क्रेटा कार और आईफोन प्रो मैक्स भी जब्त किया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि झालाना डूंगरी स्थित आईआईसीडी की छात्रा ने 20 नवंबर को हॉस्टल वार्डन के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार बम्बल डेटिंग ऐप पर उसकी पहचान एक युवक से हुई थी, जिसने अपना नाम दर्शील बताया था। दो दिन बातचीत के बाद आरोपी ने 19 नवंबर को उसे कॉलेज के बाहर मिलने बुलाया।
आरोपी छात्रा को अपनी काले रंग की क्रेटा कार में बैठाकर शहर में घुमाने लगा। इस दौरान उसने बीयर पी और खाने-पीने का सामान खरीदा। छात्रा ने जब उसे वापस कॉलेज छोड़ने के लिए कहा तो वह नाराज हो गया और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। विरोध करने पर उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता की। छात्रा कार से उतरकर भागने लगी तो आरोपी ने उसका गला पकड़कर मारपीट की और कार से टक्कर मारकर घायल कर दिया। आसपास लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधी नगर थानाधिकारी भजनलाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और वाहन नंबर व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। पुलिस ने आमेर के भीमपुरा निवासी 32 वर्षीय दीपक कुमार झरवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी डेटिंग ऐप और अन्य सोशल मीडिया मंचों के जरिए महिलाओं से संपर्क कर मिलने के बहाने बुलाता था। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त क्रेटा कार और आईफोन प्रो मैक्स जब्त किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

















