कोटा में सड़क हादसों पर शिवसेना ने जताया दुख: एनएचएआई और टोल प्लाजा के खिलाफ कार्रवाई की मांग

0
51

जयपुर। कोटा में नेशनल हाईवे पर डेढ़ घंटे के भीतर हुए तीन सड़क हादसों में 12 लोगों की मौत और 11 लोगों के घायल होने पर शिवसेना ने शोक व्यक्त किया है। शिवसेना के प्रदेश प्रमुख पदम जैन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

जैन ने हादसों के लिए सड़क पर खड़े वाहनों को प्रमुख वजह बताते हुए एनएचएआई अधिकारियों की लापरवाही पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि टोल प्लाजा पर वाहन चालकों से लिया जाने वाला शुल्क सुरक्षित और अवरोधमुक्त मार्ग तथा आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी होता है। इसके बावजूद टोल प्लाजा के आसपास लगातार दुर्घटनाएं होना व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

शिवसेना ने मांग की कि दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार एनएचएआई अधिकारियों और संबंधित टोल प्लाजा के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतकों और घायलों को उचित मुआवजा दिया जाए। संगठन ने कहा कि टोल प्लाजा कर्मचारियों को दुर्घटनाओं के प्रति सतर्क रहना चाहिए और आपातकालीन सुविधाएं सुनिश्चित करनी चाहिए।

जैन ने चेतावनी दी कि यदि एनएचएआई अधिकारी और टोल प्लाजा प्रबंधन अवरोधमुक्त मार्ग एवं आवश्यक आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध कराने में सक्षम नहीं हैं, तो उन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में जिम्मेदार व्यवस्था स्थापित हो सके और पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here