अजमेर/पुष्कर/जयपुर। पुष्कर अंतरराष्ट्रीय मेला-2026 का मंगलवार को विधिवत समापन हो गया। समापन समारोह में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। समापन समारोह से पहले मेला स्टेडियम में राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) का हॉर्स शो, कला जत्था और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोह में मेले के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह से पहले मेला स्टेडियम में विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में लोकगीतों पर सामूहिक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद कला जत्थे में शामिल लोक कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला और प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों ने राजस्थानी वेशभूषा में शानदार लोकनृत्य किया और कई कलाकारों ने शंखनाद कर सांस्कृतिक माहौल को और आकर्षक बनाया।
इस दौरान राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने समापन समारोह से पहले पूजा-अर्चना की। वहीं लंबी और बड़ी मूंछों वाले मुच्छंदर पारंपरिक वेशभूषा में ऑटो पर सवार होकर कला जत्थे के साथ निकले और आकर्षण का केंद्र रहे।
पुष्कर मेले के शुभारंभ के अवसर पर राजस्थान पुलिस अकादमी की ओर से हॉर्स शो आयोजित किया गया था। मेले के समापन से पहले भी आरपीए के घुड़सवारों ने शानदार प्रदर्शन किया। हॉर्स शो में टेन पेगिंग, म्यूजिकल हॉर्स शो और हॉर्स जंपिंग जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।
घोड़ों के करतब और घुड़सवारों के कौशल ने दर्शकों को आकर्षित किया। मेले में आयोजित मटका रेस प्रतियोगिता में कुल 10 महिलाओं ने भाग लिया। इनमें पांच विदेशी महिलाएं भी शामिल थीं। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने सिर पर पानी से भरा मटका रखकर 100 मीटर की दौड़ लगाई। विदेशी महिलाओं ने भी भारतीय ग्रामीण महिलाओं की तरह पारंपरिक अंदाज में प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
इस प्रतियोगिता में भीलवाड़ा की श्यामा जाट ने प्रथम, आसींद की मीरा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि ऑस्ट्रेलिया की प्रतिभागी तीसरे स्थान पर रही। समापन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर अजमेर जिले के साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण पुष्कर मेले में पहुंचे।
पुष्कर मेले में पशुपालन विभाग की ओर से पशुपालन और गोपालन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न पशु प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें गाय, भैंस, बैल, बकरी और घोड़ों की विभिन्न श्रेणियों में पशुपालकों ने भाग लिया।
समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। पुष्कर अंतरराष्ट्रीय मेले ने धार्मिक, सांस्कृतिक और पशुपालन से जुड़ी परंपराओं के साथ एक बार फिर देशी-विदेशी पर्यटकों और ग्रामीणों को आकर्षित किया।

















