वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन के चलते जयपुर में बदलेगी यातायात व्यवस्था

0
16

जयपुर। राजधानी जयपुर में 29 नवंबर को आयोजित होने वाली 11वीं वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन-2026 के मद्देनजर यातायात पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। मैराथन के दौरान धावकों की सुरक्षा और यातायात के सुचारू संचालन के लिए निर्धारित मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित और परिवर्तित रहेगा।

यातायात पुलिस के अनुसार मैराथन का शुभारंभ रामनिवास बाग के दक्षिणी गेट से होगा। धावक जेएलएन मार्ग, त्रिमूर्ति सर्किल, जेडीए चौराहा, गांधी सर्किल, बजाज नगर तिराहा और ओटीएस चौराहा होते हुए मालवीय नगर पुलिया पहुंचेंगे। यहां से बाईं ओर मुड़कर एपेक्स सर्किल से यू-टर्न लेते हुए मालवीय नगर पुलिया, वर्ल्ड ट्रेड पार्क और एसएल कट होते हुए जवाहर सर्किल पहुंचेंगे। जवाहर सर्किल से यू-टर्न लेकर वापस एसएल कट, मालवीय नगर पुलिया, बजाज नगर तिराहा और टोंक फाटक पुलिया से यू-टर्न लेते हुए धावक गांधी सर्किल, जेडीए चौराहा, त्रिमूर्ति सर्किल होते हुए रामनिवास बाग के दक्षिणी गेट पर पहुंचेंगे।

इसी प्रकार त्रिमूर्ति सर्किल, सूचना केंद्र और घोड़ा सर्किल से आरोग्य पथ तिराहे की ओर जाने वाले सामान्य यातायात को भी वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। पुलिस ने रोडवेज बसों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। आगरा और दिल्ली रोड से सिंधी कैंप आने वाली रोडवेज बसें गुरुद्वारा मोड़, घाटगेट चौराहा, सांगानेर गेट, मानप्रकाश स्लिप लेन, अशोक मार्ग, अहिंसा सर्किल, गांधी प्रेस चौराहा और गांधी हॉस्टल चौराहे से होते हुए सिंधी कैंप पहुंच सकेंगी।

वहीं सिंधी कैंप से आगरा और दिल्ली रोड की ओर जाने वाली रोडवेज बसें गांधी हॉस्टल चौराहा, एमआई रोड, यादगार तिराहा, सांगानेर गेट, घाटगेट चौराहा और गुरुद्वारा मोड़ होते हुए आगरा रोड की ओर जा सकेंगी।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हाफ मैराथन के निर्धारित मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आयोजन के दौरान निर्धारित वैकल्पिक और समानांतर मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here