ठिकाना मंदिर श्री रामचंद्र जी में सगाई-तिलक की रस्में संपन्न

0
16

जयपुर। ठिकाना मंदिर श्री रामचंद्र जी में चल रहे श्रीराम जानकी विवाह मंगल महोत्सव के तहत शुक्रवार को सगाई और तिलक की रस्में पारंपरिक वैदिक विधि-विधान व राजसी ठाठ-बाट के साथ हर्षोल्लास से संपन्न हुईं। राजा जनक के पक्ष से जगदीश, लक्ष्मीनारायण और उमेश ने भगवान श्रीराम का तिलक किया। समारोह में चारों दूल्हों की गोद भराई की गई, जिसमें राजसी पोशाक, साफे, सिरपेच, कंठे, कमरबंद, नई तलवार, मिठाई, मेवे, बीड़ा और अन्य मांगलिक वस्तुएं भेंट की गईं।

दूसरी ओर, अयोध्या पक्ष की ओर से महंत परिवार ने माता सीता की गोद भराई की रस्म निभाई। उन्हें मांगलिक ओढ़नी ओढ़ाने के साथ बोरला, हीरे का टीका, नथ, चूड़ियां, कंगन, रानी हार और पायजेब सहित विविध आभूषणों से अलंकृत किया गया। साथ ही मिठाई, मेवे, बीड़ा और शुभ सामग्री भी अर्पित की गई।

महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को भगवान श्री रघुनंदन जी की बारात शाही वैभव और परंपरागत राजसी शान के साथ निकाली जाएगी। इसे लेकर मंदिर प्रांगण व श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। मंगल गीतों और धुनों के बीच भगवान श्रीराम समेत चारों दूल्हों की बारात हाथी, घोड़ों व पूरे राजसी लवाजमे सहित शाम 6 बजे हलकारा भवन से रवाना होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here