गोविंद देव जी मंदिर में रविवार को वैदिक रीति से मनेगा जन्मदिन संस्कार महोत्सव

0
18

जयपुर। पाश्चात्य संस्कृति की चकाचौंध से दूर, अब जन्मदिन को भारतीय संस्कारों और वैदिक परंपराओं के साथ मनाने की अनूठी पहल जयपुर के आराध्य देव गोविंद देव जी मंदिर में होने जा रही है। आगामी रविवार को सुबह नौ बजे से मंदिर प्रांगण में ‘जन्मदिन संस्कार महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा।

श्रीमन्न माध्व गौड़ेश्वराचार्य मानस गोस्वामी जी के पावन सान्निध्य और अखिल विश्व गायत्री परिवार के मार्गदर्शन में होने वाले इस विशेष समारोह में नवंबर माह में जन्मे श्रद्धालु वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अपना जन्मदिन मनाकर समाज को सांस्कृतिक जागरण का संदेश देंगे।

इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें केक काटने, मोमबत्ती बुझाने या गुब्बारे फोड़ने जैसी आधुनिक औपचारिकताओं के लिए कोई स्थान नहीं होगा। इसके बजाय, श्रद्धालु प्रकृति के पंचतत्वों—पृथ्वी, अग्नि, वायु, जल और आकाश—का विधिवत पूजन करेंगे। वे दीप प्रज्ज्वलन और यज्ञ में आहुतियां देकर अपने जीवन को श्रेष्ठ संस्कारों से सिंचित करने का संकल्प लेंगे।

समारोह में उपस्थित अन्य भक्तजन पुष्प वर्षा कर जन्मदिन मनाने वालों को अपना स्नेह और आशीर्वाद प्रदान करेंगे। इस पूरे कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जन्मदिन को महज एक बाहरी उत्सव न मानकर आत्मचिंतन, कृतज्ञता और जीवन निर्माण का पर्व बनाना है।

गायत्री परिवार राजस्थान के मुख्य ट्रस्टी ओमप्रकाश अग्रवाल ने इस पहल पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार हम अपने आराध्य देवताओं और महापुरुषों की जयंती श्रद्धा और पवित्रता के साथ मनाते हैं, ठीक उसी प्रकार हमें स्वयं का और अपने परिजनों का जन्मदिन भी भारतीय जीवन मूल्यों के अनुरूप मनाना चाहिए। यह दिन आत्मनिरीक्षण करने और जीवन में सद्गुणों को अपनाने का सर्वोत्तम अवसर है।

गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के व्यवस्थापक सोहन लाल शर्मा ने जानकारी दी कि इस यज्ञ और जन्मदिन संस्कार महोत्सव में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क या टोकन नहीं रखा गया है। श्रद्धालुओं को ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर प्रवेश मिलेगा और उन्हें अपने साथ कोई पूजन सामग्री लाने की भी आवश्यकता नहीं होगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नवंबर माह में जन्मे लोगों के साथ-साथ वे श्रद्धालु भी इस महायज्ञ में आहुति दे सकेंगे, जिनका जन्मदिन इस माह में नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि गायत्री परिवार के सभी केंद्रों पर जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ जैसे संस्कार नियमित रूप से निःशुल्क कराए जाते हैं, तथा लोग आचार्यों को अपने घर आमंत्रित कर भी ये संस्कार संपन्न करवा सकते हैं।

रविवार को होने वाले इस यज्ञ के दौरान आगामी 25 से 27 दिसंबर तक मुरलीपुरा में आयोजित होने वाले ’24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ’ की तैयारियों को भी गति दी जाएगी। कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं से इस आगामी महायज्ञ में यजमान बनने के लिए निःशुल्क संकल्प पत्र भरवाए जाएंगे। गौरतलब है कि देशभर के 2400 पवित्र तीर्थों के जल और रज के सान्निध्य में होने वाले इस विशाल महायज्ञ का आगाज 1100 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ होगा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here