गायत्री परिवार के संकल्पों को धरातल पर उतारने के लिए जिलों में होंगी गोष्ठियां

0
17
Gayatri Pariwar launched a one-year national centenary resolution campaign.
Gayatri Pariwar launched a one-year national centenary resolution campaign.

जयपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार की वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा और दिव्य अखंड दीप के जन्म शताब्दी वर्ष-2026 के संकल्पों को धरातल पर उतारने के लिए राजस्थान में अब अभियान को नई गति दी जा रही है। इसके तहत प्रदेशभर में जिलेवार कार्यों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना को अद्यतन करने का निर्णय लिया गया है।

संगठन ने सभी उपजोन समन्वयकों, जिला समन्वयकों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कर अब तक की प्रगति का आकलन करने तथा भविष्य के नए लक्ष्य तय करने के निर्देश जारी किए हैं।

राजस्थान जोन समन्वयक गौरीशंकर सैनी ने इस अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि हाल ही में नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम 31 अक्टूबर से 2 नवंबर और हरिद्वार के देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर 21-22 नवंबर को जन्म शताब्दी समारोह के महत्वपूर्ण चरण संपन्न हुए हैं।

इन राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में प्रदेश के पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान समूह चर्चाओं के माध्यम से गायत्री परिवार के 13 प्रमुख आंदोलनों से जुड़े 79 बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, जनवरी 2026 में लिए गए संकल्पों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए वर्ष 2027 के लिए नई कार्ययोजनाओं का खाका तैयार किया गया।

उन्होंने आगे बताया कि अपरिहार्य कारणों से कुछ समर्पित परिजन दिल्ली और हरिद्वार की इन बैठकों में शामिल नहीं हो पाए थे, जिससे उनके क्षेत्रों की उपलब्धियां और सुझाव मुख्य संकलन में जुड़ने से रह गए। इसी कमी को पूरा करने के लिए अब प्रत्येक जिले में गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी, ताकि हर सक्रिय कार्यकर्ता को इस प्रक्रिया से जोड़ा जा सके और संकल्पों का समग्र पुनरावलोकन हो सके।

समीक्षा प्रक्रिया को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए रिपोर्टिंग प्रपत्र में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। नए प्रारूप के पहले कॉलम में वर्ष 2026 के पुराने लक्ष्यों के साथ-साथ वर्ष 2027 के नए लक्ष्यों को जोड़कर लिखना होगा। दूसरे कॉलम में अक्टूबर 2026 तक हासिल की गई उपलब्धियों का ब्योरा दर्ज किया जाएगा, जबकि तीसरे कॉलम में कुल निर्धारित लक्ष्यों और प्राप्त उपलब्धियों के अंतर के आधार पर शेष बचे संकल्पों को स्पष्ट रूप से अंकित करना होगा।

संगठन की ओर से सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जिलों का संशोधित विवरण तैयार कर 15 दिसंबर तक शांतिकुंज स्थित राजस्थान जोन कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा कराएं। जिलों से प्राप्त इस डेटा के आधार पर आगामी वर्षों की प्राथमिकताएं तय की जाएंगी और एक व्यावहारिक कार्ययोजना बनाई जाएगी। इस पूरी कवायद का मुख्य लक्ष्य सामूहिक सहभागिता और समयबद्ध क्रियान्वयन के जरिए जन्म शताब्दी के संकल्पों को एक व्यापक जनआंदोलन का रूप देना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here