कागजों में जिंदा युवक को मृत घोषित किया: 24 दिन से खुद को जीवित साबित करने के लिए भटक रहा पीड़ित

0
28

जयपुर। सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में सरकारी रिकॉर्ड में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। अंगुली में मामूली चोट लगने पर उपचार कराने पहुंचे आमेर निवासी दिनेश सैनी को अस्पताल के रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया गया। इतना ही नहीं, उनके नाम से मृत्यु प्रमाण-पत्र भी जारी हो गया। अब पिछले 24 दिनों से दिनेश खुद को जीवित साबित करने के लिए अस्पताल प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं।

जानकारी के अनुसार दिनेश सैनी 3 नवंबर को अंगुली में चोट लगने पर एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे थे। प्राथमिक उपचार और पट्टी कराने के बाद वह घर लौट गए। आरोप है कि रजिस्ट्रेशन काउंटर पर अस्पताल कर्मचारियों ने उनकी हॉस्पिटल आईडी को दिनेश मीणा नाम के एक अन्य गंभीर मरीज के रिकॉर्ड से जोड़ दिया। अगले दिन 4 नवंबर को दिनेश मीणा की मौत हो गई। रिकॉर्ड में नाम जुड़ा होने के कारण अस्पताल की ओर से दिनेश सैनी को शव ले जाने के लिए 12 से 13 बार फोन किए गए।

दिनेश के अनुसार 5 नवंबर को वह स्वयं ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और कर्मचारियों को अपने जीवित होने की जानकारी दी। इस पर रिकॉर्ड में सुधार का आश्वासन दिया गया। इसके बावजूद 21 नवंबर को मेडिकल रिकॉर्ड विभाग ने कथित तौर पर सुधार पत्र को नजरअंदाज करते हुए उनके नाम से मृत्यु पंजीकरण कर दिया। इसके बाद 25 नवंबर को पहचान पोर्टल से उनका मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी हो गया। उसी शाम उनकी मां के जन-आधार कार्ड से भी दिनेश का नाम स्वतः कट गया।

इस मामले में अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि बिना आधार या जन-आधार दस्तावेज का सत्यापन किए एक मरीज की आईडी दूसरे मरीज के रिकॉर्ड से जोड़ दी गई। पोस्टमार्टम के समय सुधार पत्र मौजूद होने के बावजूद जांच किए बिना मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया। अस्पताल के रजिस्टर में वास्तविक मृतक दिनेश मीणा के परिजनों का मोबाइल नंबर तक दर्ज नहीं है।

पीड़ित का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन अपनी गलती सुधारने के बजाय उनसे ही वास्तविक मृतक के परिजनों को तलाशने, उनका शपथ-पत्र लाने और उस पर एसडीएम के हस्ताक्षर करवाने को कह रहा है। दिनेश सैनी ने बताया कि अब उनके पास खुद को जीवित साबित करने के लिए कोई सरकारी दस्तावेज नहीं बचा है। दोस्त भी मजाक उड़ाते हैं कि वह तो मर चुके हैं। इस लापरवाही के कारण उन्हें मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है।

एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने कहा कि ऐसा मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। रिकॉर्ड की जांच करवाई जा रही है। यदि ऐसा हुआ है तो यह गलत है और मामले में कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here