जयपुर। मानसरोवर स्थित 51 सेक्टर के सर्वेश्वर महादेव मंदिर में बाबा बर्फानी की भव्य और आकर्षक झांकी सजाई गई। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।
इस कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि बर्फ से तैयार की गई अमरनाथ बाबा (बाबा बर्फानी) की यह मनमोहक झांकी स्वयं स्थानीय श्रद्धालुओं ने मिलकर बनाई थी। प्राकृतिक रूप से तैयार की गई इस झांकी के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
झांकी दर्शन के साथ ही मंदिर परिसर में भव्य भजन-संध्या का आयोजन भी किया गया।
स्थानीय गायक-मंडली और महिला श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुनों पर भक्त खुद को रोक नहीं पाए और भक्ति भाव में सराबोर होकर जमकर नृत्य किया। पूजा-अर्चना और आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया।



















