जयपुर। बनीपार्क थाने के सामने तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों खाटू श्याम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग निकला। हिट एण्ड रन मामले की जांच दुर्घटना थाना पुलिस पश्चिम कर रही है। दुर्घटना थाना पश्चिम थानाधिकारी जयदेव सिंह ने बताया कि रविवार देर शाम अज्ञात कार की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना के दौरान दोनों युवक स्कूटी से जवाहर नगर अपने घर जा रहे थे। हादसे के बाद फरार कार और उसके चालक का पता नहीं चल पाया है।
घटना स्थल के आसपास भी कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं मिले हैं। इस हादसे में राज कुमार सिंधी (38) निवासी सिंधी कॉलोनी जवाहर नगर और राजीव सिंह सांखला(45) निवासी गंगानगर के रूप में हुई है। राजकुमार का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। राजकुमार सिंधी के भांजे मुकेश ने बताया कि उसका मामा राज कुमार और उनका दोस्त राजीव सिंह स्कूटी से खाटू श्याम दर्शन के लिए गए हुए थे। रविवार देर शाम को हादसा हो गया।
राजकुमार अपनी विधवा मां के साथ सिंधी कॉलोनी में एक किराए के मकान में रहता था। दोनों मृतक बोरियां बनाने का काम किया करते थे। राजकुमार की बूढ़ी मां को बेटे की मौत की जानकारी मिली तो वह खुद का संभाल नहीं सकी। उसका रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।